हिमाचल के लिए अगले 72 घंटे भारी, आंधी-तूफान के साथ होगी तेज बारिश

हिमाचल के लिए अगले 72 घंटे भारी, आंधी-तूफान के साथ होगी तेज बारिश

राइट न्यूज हिमाचल

हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर वेस्टर्न डिस्टरबेंस दोबारा सक्रिय हो गया है। इसके चलते मौसम विभाग ने आज और कल के लिए प्रदेश के पांच जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान बारिश के साथ आंधी-तूफान और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। साथ ही 50 से 60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है।

मौसम विभाग ने 6 और 7 मई के लिए चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके बाद 8 से 10 मई तक हिमाचल के कई जिलों में येलो अलर्ट रहेगा। इस दौरान 30 से 40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इस अवधि में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश और ओलावृष्टि भी हो सकती है।

विदित रहे कि, बीते पांच दिनों की बारिश ने प्रदेश भर में तापमान को बुरी तरह गिरा दिया है। सोलन का अधिकतम तापमान सामान्य से 10.5 डिग्री नीचे 20 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जबकि मंडी में 5 डिग्री की गिरावट के बाद अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री रह गया है। कई अन्य जिलों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान सामान्य से काफी नीचे दर्ज किया गया है।

1 मई से लगातार हो रही बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों और बागवानों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। शिमला जिला के ऊपरी भागों में सेब की फसल को बड़ा नुकसान हुआ है। इसके अलावा मटर और फूलगोभी जैसी नकदी फसलें भी बर्बाद हो चुकी हैं। इस स्थिति ने किसानों और बागवानों की चिंताओं को और बढ़ा दिया है।मौसम विभाग के अनुसार, आज से वेस्टर्न डिस्टरबेंस दोबारा तेज होगा- जिसका असर 10 मई तक असर रहेगा।

यानी पूरे हफ्ते मौसम बिगड़ा हुआ ही रहेगा। ऐसे में गर्मियों की छुट्टियों के बीच पर्यटन स्थलों की ओर रुख करने वालों को भी निराशा हाथ लग सकती है। शिमला, मनाली, डलहौजी जैसे क्षेत्रों में भी बारिश और तूफान की आशंका बनी हुई है, जिससे सैर-सपाटे पर असर पड़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *