राइट न्यूज सिरमौर
पांवटा साहिब-शिलाई नेशनल हाईवे 707 पर सतौन बस अड्डे पर मंगलवार को ट्रक के कुचलने से एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। हादसे के बाद सतौन बस अड्डे पर चौक बनाने और अवैध कब्जे हटाने की मांग उठने लगी है। ग्रामीणों का प्रतिनिधिमंडल कफोटा के एसडीएम रमन कुमार शर्मा से मिला और सतौन बस अड्डे पर चौक बनाने और अवैध कब्जे हटाने की मांग की।
पांवटा साहिब-शिलाई नेशनल हाईवे 707 का निर्माण कार्य 1350 करोड़ की लागत से हुआ है, लेकिन सतौन बस अड्डे पर पहले की उपेक्षा सड़क संकरी हो गई है। इस कारण बस अड्डे पर सड़क पार करना जोखिम भरा हो गया है। सतौन ट्रक यूनियन के प्रधान वीरेंद्र तोमर, शशि कपूर, रोहित कुमार आदि ने बताया कि जब से नेशनल हाईवे बना है तब से बस अड्डे पर सड़क संकरी हो गई है। सड़क के दोनों तरफ नालियां बना दी गई हैं। सतौन बस अड्डे पर एक सड़क रेणुकाजी को जाती है तो दूसरी मुख्य बाजार को जाती है। सड़क को पार करना जोखिम भरा रहता है।
मंगलवार को भी ट्रक के कुचलने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई। इससे पहले पौका पंचायत का एक युवक सड़क पार करते समय ट्रक की चपेट में आने से बुरी तरह घायल हो गया था। पीजीआई चंडीगढ़ में ऑपरेशन के दौरान एक टांग को काटना पड़ा था। एक व्यक्ति अपनी पत्नी के साथ बाइक पर सवार होकर सतौन आ रहा था कि बस अड्डे के पास कार ने टक्कर मार दी थी। इससे व्यक्ति की टांग टूट गई थी।
वही एसडीएम रमन कुमार शर्मा ने बताया कि चौक बनाने को लेकर एनएचएआई के अधिकारियों को लिखा जाएगा तथा अवैध कब्जे के मामले में वन विभाग के साथ मिलकर कार्रवाई की जाएगी।

