Paonta Sahib: तेज रफ्तार का कहर! कार ने पैदल जा रहे 2 चचेरे भाइयों को रौंदा…एक की गई जान

Paonta Sahib: तेज रफ्तार का कहर! कार ने पैदल जा रहे 2 चचेरे भाइयों को रौंदा…एक की गई जान

राइट न्यूज हिमाचल

सिरमौर जिला के पांवटा साहिब उपमंडल के माजरा थाना क्षेत्र के तहत धौलाकुआं में एक भयानक सड़क हादसा सामने आया है। यहां एक कार की चपेट में आने से 17 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि उसका चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया है। हादसे के बाद से इलाके में शोक का माहौल है।घटना के बारे में जानकारी देते हुए शिकायतकर्ता पुष्पेंद्र (26) निवासी गांव जाटोंवाला, डाकघर कोलर ने बताया कि वह अपने 17 वर्षीय चचेरे भाई वंश के साथ धौलाकुआं से पैदल अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान पांवटा साहिब की ओर से आ रही एक कार ने उन्हें पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।हादसे के तुरंत बाद परिजन घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले गए।

पुष्पेंद्र को इलाज के लिए नाहन मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया, जबकि वंश को सिविल अस्पताल पांवटा साहिब ले जाया गया। वहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे हायर सैंटर रैफर किया गया, लेकिन देहरादून ले जाते समय रास्ते में ही वंश ने दम तोड़ दिया।शिकायतकर्ता ने गाड़ी चला रही महिला चालक पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। पुष्पेंद्र का कहना है कि महिला चालक वाहन को तेज रफ्तार, लापरवाही और गलत दिशा में चला रही थी, जिसके कारण यह हादसा हुआ। हादसे की पुष्टि करते हुए एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की बारीकी से जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *