राईट न्यूज / हिमाचल
प्रदेश कांग्रेस के आठ और युवा नेताओं ने पार्टी छोड़ दी है। पार्टी के पूर्व कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष हर्ष महाजन के समर्थन में शिमला शहर के इन युवा नेताओं ने अपने पदों से इस्तीफे दिए हैं।प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह को भेजे पत्र में पार्टी के प्रदेश सचिव आकाश सैनी, अध्यक्ष युवा इंटक जिला शिमला राहुल नेगी, उपाध्यक्ष जिला कांग्रेस कमेटी शिमला शहरी अमित मेहता, मेहर सिंह पंवर, सचिव भगत सिंह ठाकुर, नरेश कुमार, धीरज कश्यप और सचिव प्रदेश युवा कांग्रेस प्रतीक शर्मा ने पार्टी का दामन छोड़ दिया है।इन सभी युवा नेताओं ने सामूहिक त्यागपत्र प्रदेश अध्यक्ष को भेजा है। बीते रोज पार्टी के प्रदेश महासचिव धर्मपाल ठाकुर ने हर्ष महाजन के समर्थन में पार्टी से नाता तोड़ा था।
कांग्रेस को खत्म कर रहा गांधी परिवार : बालनाटाह
हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक के अध्यक्ष खुशीराम बालनाटाह ने कहा है कि महात्मा गांधी ने आजादी के बाद कांग्रेस के नेताओं से पार्टी को भंग करने का आग्रह किया था और किसी और राजनीतिक दल का गठन करने के लिए कहा था। उस समय तो उन्होंने महात्मा गांधी की बात नहीं मानी लेकिन वर्तमान गांधी परिवार कांग्रेस को खत्म करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रहा है। कांग्रेस के बड़े नेता हिल स्टेशन पर छुट्टियां मना रहे हैं। उद्देश्यहीन भारत जोड़ो यात्रा चल रही है। जिसका कांग्रेस के नेताओं को भी लक्ष्य मालूम नहीं है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश डबल इंजन सरकार से लगातार प्रगति के पथ पर अग्रसर है। प्रधानमंत्री मोदी का एक महीने की अल्पावधि में तीसरी बार हिमाचल आना उनके प्रदेश के प्रति विशेष लगाव को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि भाजपा अपने प्रगतिशील कार्यों, मजबूत संगठन और कार्यकर्ताओं की बदौलत दोबारा सरकार बनाएगी और रिवाज बदलेगी।