दो घंटे बंद रहा नाहन-शिमला एनएच, प्रदेश के कई जिलों में झमाझम बारिश

दो घंटे बंद रहा नाहन-शिमला एनएच, प्रदेश के कई जिलों में झमाझम बारिश

राईट न्यूज / शिमला

भूस्खलन होने से शुक्रवार को नाहन-शिमला नेशनल हाइवे दो घंटे तक बंद रहा। शुक्रवार को शिमला सहित प्रदेश के कई क्षेत्रों में बादल बरसे। शनिवार को भी मध्य पर्वतीय और मैदानी जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। पांच जिलों कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, किन्नौर और शिमला जिलों में बाढ़ आने की चेतावनी भी दी गई है।

शुक्रवार को कांगड़ा में 19.0, पालमपुर 13.5, मनाली 6.0, कल्पा 6.4, केलांग 5, डलहौजी-धर्मशाला 3.0 और शिमला में 2.0 मिलीमीटर बारिश हुई। शनिवार को प्रदेश के अधिकतम तापमान में दो डिग्री की गिरावट दर्ज हुई। 26 अगस्त तक प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहने का पूर्वानुमान है।

शिमला में शुक्रवार को दिन भर बादल छाए रहे। सिरमौर में शुक्रवार को 22 सड़कें बंद रहीं। सड़कें बंद होने से लोक निर्माण विभाग को 59.15 लाख का नुकसान हुआ है। जिला कुल्लू में भारी बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। नदी-नाले उफान पर हैं।

बारिश से सेब के तुड़ान का काम प्रभावित हो गया है। भूस्खलन से जिले में 16 सड़कें अवरुद्ध रहीं। शुक्रवार को ऊना में अधिकतम तापमान 33.0, बिलासपुर 32.5, हमीरपुर 31.3, सुंदरनगर 29.6, चंबा 29.3, धर्मशाला 28.6, कांगड़ा 28.0, भुंतर 27.7, सोलन 27.0, नाहन 25.8, शिमला 20.6, डलहौजी 19.7, केलांग 16.7 और कल्पा में 15.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

प्रदेश के कई क्षेत्रों में भारी बारिश हुई। सुंदरनगर में सबसे अधिक 95.8 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई। शिमला में 30.0, मंडी 35.3, डलहौजी 21.0, कांगड़ा 25.1, सोलन 27.6, नाहन 29.6, धर्मशाला 24.4, भुंतर 17.8, कल्पा 14.2 और मनाली में 6 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई।

प्रदेश में 13 से 19 अगस्त के दौरान 75 फीसदी कम बादल बरसे। इस एक सप्ताह के दौरान 15.9 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई जबकि इस अवधि में 62.5 मिलीमीटर बारिश को सामान्य माना गया है। मानसून सीजन के दौरान अभी तक सामान्य से 22 फीसदी कम बादल बरसे हैं। कांगड़ा, मंडी, हमीरपुर और शिमला जिला में सामान्य से अधिक बारिश हुई है जबकि अन्य जिलों में सामान्य से कम बादल बरसे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *