राईट न्यूज / कांगड़ा
कांगड़ा जिले के भवारना थाना इलाके के काहनपट्ट में आज सुबह साढ़े सात बजे हिमाचल पथ परिवहन निगम के पालमपुर डिपो की बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में सदवां निवासी एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई है, जबकि चालक व परिचालक समेत 11 लोगों को चोटें आई हैं, जिन्हें टांडा में भर्ती किया गया है।
जानकारी के मुताबिक निगम की बस सदवां से पालमपुर के लिए साढ़े सात बजे निकली थी। सदवां के चार किलोमीटर आगे जाकर काहनपट्ट में बस अनियंत्रित होकर पलट गई। काहनपट्ट पंचायत के पूर्व उप प्रधान मदन लाल चौधरी ने बताया हादसे की सूचना मिलते ही गांव के सभी लोग इकठ्ठा हो गए।
लोगों ने इसकी सूचना भवारना थाना को दी और एंबुलेंस को भी फोन कर दिया। इसी बीच एबुलेंस का इंतजार किए बिना लोगों ने निजी वाहनों के माध्यम से घायलों को टांडा पहुंचा दिया। बस में सवार सभी लोगों को चोटें आईं है, लेकिन गंभीर रूप से घायल हुई सदवां की 60 वर्षीय रतो देवी की रास्ते में मौत हो गई।