राईट न्यूज / पांवटा साहिब
पांवटा साहिब में होली के दिन पेश आये एक सड़क हादसे में 5 लोग बुरी तरह से घायल हुए थे। जिनमें एक अज्ञात महिला सहित तीन को गम्भीर हालत में हायर सेंटर रेफर किया गया था।
वही, उक्त महिला की हालत दुर्घटना बाद बहुत नाजुक बताई थी व उसकी पहचान नहीं हो पा रही थी। ऐसे में पांवटा थाना प्रभारी संजय शर्मा व उनकी टीम के एएसआई ज्ञान प्रकाश महिला के लिए देवदूत बन कर आये हैं।
बताया जा रहा है कि कोई चिरपरिचित न होने से गम्भीर घायल अवस्था में महिला पांवटा सिविल अस्पताल में पड़ी रही। ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार तो दिया लेकिन हेड इंजरी होने के कारण उसका कोई सिटिसकैन नहीं करवा रहा था। जिस कारण महिला की तबियत और खराब हो चुकी थी।
आनन फानन में एसएचओ संजय शर्मा ने तुरंत एएसआई ज्ञान प्रकाश की ड्यूटी लगाई व पहले महिला को नाहन अस्पताल पहुंचाया गया फिर वहां से पीजीआई चंडीगढ़ ले जाया गया। इस दौरान नाहन से दो लेडी कांस्टेबल भी साथ भेजी गई। जबकि सरल संस्कार एंड वेलफ़ेयर सोसाइटी के अध्यक्ष हेमंत शर्मा भी साथ रहे।
इस दौरान की सब व्यवस्था खुद पांवटा एसएचओ संजय शर्मा रातभर देखते रहे। इन तीनो की बदौलत आज महिला का उपचार पीजीआई चंडीगढ़ में चल रहा है व डॉक्टर के अनुसार अब वह खतरे से बाहर है, जिसका कारण उसे समय रहते वहां पहुंचाना हैं।
राहत की बात यह भी है कि लगातार परिजन खोजने में लगे एसएचओ संजय शर्मा व एएसआई ज्ञान प्रकाश ने महिला का पता खोज निकाला है, वह बिहार के सीतामढ़ी की रहने वाली हैं। पांवटा पुलिस ने उक्त महिला के दामाद से बात की है जो पीजीआई पहुंच रहे हैं।
गौरतलब है कि महाराणा प्रताप चौक के नजदीक दो मोटर साइकिल में टक्कर हो गई। जिसके बाद दुर्घटना में तकरीबन 5 लोग घायल हो गए। इनमें दो धोलाकुआं क्षेत्र के और दो टिहरी गढ़वाल के बताए थे। जबकि यह घायल महिला सड़क किनारे हादसे की चपेट में आ गई थी व उसकी शिनाख्त नहीं हो पा रही थी।
इस बारे में पांवटा थाना प्रभारी संजय शर्मा ने बताया कि महिला का पता चल गया हैं। उसके रिस्तेदार उसे देखने आ रहे हैं। वह लगातार उनके सम्पर्क में हैं।