राईट न्यूज / चम्बा
हिमाचल प्रदेश के चंबा शहर से चार किमी दूर भड़ियां पुल पर ओवरलोड टिप्पर गुजरने से पुल का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि पुल टूटा नहीं। इससे बड़ा हादसा हो सकता था। इस पुल पर छोटे वाहनों की आवाजाही होती है। बावजूद चालक ने मनमर्जी से पुल पर टिप्पर चढ़ा दिया। हादसे के बाद स्थानीय लोग भड़क गए और चालक को घेर लिया। किसी तरह चालक वहां से भागकर थाने पहुंचा। सूचना मिलने पर एसडीएम चंबा शिवम प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने मामले को शांत करवाया और टिप्पर को जब्त करने के आदेश दिए।
ओवरलोड टिप्पर में मलबा लदा हुआ था। घटना के बाद चंबा से चार पंचायतों का संपर्क कट गया है। पुल क्षतिग्रस्त होने के कारण कई लोगों के वाहन पुल के एक छोर पर फंस गए हैं। प्रशासन ने यहां आवाजाही पर रोक लगा दी है। पुल का निर्माण वर्ष 2003 में हुआ था। एनएचपीसी ने इसे बनवाया था। भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक थी। पुल के साथ नए पुल का निर्माण किया जा रहा है। एसडीएम चंबा शिवम प्रताप सिंह ने बताया कि टिप्पर को जब्त कर लिया गया है। ट्रक मालिक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। एनएचपीसी को पुल की मरम्मत करवाने के लिए कहा गया है। भड़ियां पुल से ग्राम पंचायत भड़ियांकोठी, जटकरी, कुपाहड़ा और कोलका की करीब आठ हजार लोगों को लाभ मिल रहा था। लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) के अधिशाषी अभियंता जीत सिंह ठाकुर ने कहा कि पुलिस को एनएचपीसी ने बनवाया है। विभाग ने पुल में कुछ खामियों के लिए एनएचपीसी को सूचित भी किया था। विभाग इसी स्थान पर एक और पुल बनवा रहा है।