राईट न्यूज / ऊना
नगर परिषद संतोषगढ़ में बवाल के बीच भाजपा समर्थित निर्मल महे को अध्यक्ष और रजनीश राजू को उपाध्यक्ष बना दिया गया है। बवाल के बीच दोनों के समर्थकों ने अपने नेताओं को हार पहनाए और शुभकामनाएं दीं। इससे पहले अध्यक्ष पद के लिए भाजपा समर्थित निर्मला महे और उपाध्यक्ष पद के लिए रजनीश चब्बा राजू का नाम घोषित किया गया। रजनीश का नाम घोषित होते ही मुनीष चब्बा के समर्थक भड़क गए। उन्होंने मंडल अध्यक्ष हरपाल सिंह गिल और भाजपा चुनाव प्रभारी डॉ. रामपाल सैनी की मौजूदगी में नारेबाजी शुरू कर दी। इसी बीच रजनीश के समर्थकों ने भी नारे लगाने शुरू कर दिए। एकाएक दोनों पक्षों में लात-घूंसे और कुर्सियां चल पड़ीं। मंडल अध्यक्ष हरपाल सिंह से इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि उपाध्यक्ष पद के लिए रजनीश चब्बा राजू के नाम की घोषणा पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के आदेशों के बाद ही की गई है। उन्होंने कहा कि पार्टी में मुनीष चब्बा दूसरे कई ओहदों पर काम कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की घोषणा के समय समर्थकों का हंगामा करना नया नहीं है, ऐसा सभी राजनीतिक दलों में होता है।