राईट न्यूज / पांवटा साहिब
वार्ड नं: पांच में यमुना विहार कॉलोनी की सड़कों का बुरा हाल है। इन सड़कों पर आईपीएच विभाग द्वारा सीवरेज चेंबर बनाने के चलते सड़कों की तोड़फोड़ तो कर दी गई, लेकिन अब उसकी सुध लेने वाला कोई नहीं है। अब इन सड़कों पर दोबारा टाइलें बिछाना तो दूर की बात, इन्हें चलने लायक भी नहीं किया गया। जबकि इस कॉलोनी में भारी संख्या में प्रबुद्ध जन रहते हैं और सभी के पास अपनी गाड़ियां है। लेकिन फिर भी पैदल चलने को विवश हो रहे हैं। क्योंकि रास्ते इतने खराब कर दिए गए हैं कि उन पर गाड़ियां चलना तो दूर पैदल भी चल पाना मुश्किल है।

इतना ही नहीं घरों के साथ लगती नालियों में मलबा इस कदर भर दिया गया है कि पानी घरों के अंदर घुसने लगा है। वार्ड नं: पांच में स्थित नन्हे-मुन्ने बच्चों का स्कूल किड्स पैराडाइज भी है। जिसमें लगातार पिछले 15-20 दिनों से नालियों का गंदा पानी गेट के अंदर आ रहा है और बार-बार नगर पालिका में भी शिकायत करने के बावजूद कोई सुध नहीं ली गई।

स्कूल के अंदर एक रिहायशी मकान भी है। जिसमें रहने वाले परिवार को गेट से बाहर आने-जाने में भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है और कोरोना काल जैसी महामारी के समय में इस गंदगी से परिवार को बीमार होने का भी खतरा हर समय बना रहता है।

