कोरोना से दो की मौत, प्रदेशभर में 242 संक्रमित, डीसी कांगड़ा-विधायक भी पॉजिटिव

कोरोना से दो की मौत, प्रदेशभर में 242 संक्रमित, डीसी कांगड़ा-विधायक भी पॉजिटिव

राईट न्यूज / हिमाचल

प्रदेश में सोमवार को कोरोना से दो लोगों की मौत हुई है। चंबा की 80 साल की बुजुर्ग महिला को अन्य गंभीर बीमारियों के कारण चंबा मेडिकल कॉलेज में भर्ती किया गया था। वृद्धा का कोविड टेस्ट लिया तो वह पॉजिटिव निकला। इसके बाद सोमवार सुबह महिला को धर्मशाला कोविड केयर सेंटर रेफर कर दिया, लेकिन उसकी रास्ते में ही मौत हो गई। शिमला के आईजीएमसी अस्पताल में पेट के कैंसर से पीड़ित किन्नौर के पूह के 57 वर्षीय व्यक्ति की कोरोना से मौत हो गई। प्रदेश में अब तक 57 लोग कोरोना से जान गंवा चुके हैं।

वहीं प्रदेश में सोमवार को 242 कोरोना पॉजिटिव मामले आए हैं। कांगड़ा 49, मंडी में 48, ऊना में 28, सोलन 74, लाहौल 11, शिमला 7, बिलासपुर 12, चंबा 7 और सिरमौर में 6 मामले आए हैं।  इसके साथ ही प्रदेश में संक्रमितों का कुल आंकड़ा 7660 पहुंच गया है। 2234 सक्रिय मामले हैं। 5359 मरीज ठीक हो गए हैं। सोमवार को 183 और मरीज ठीक हो गए हैं। लाहौल में कोरोना के एक साथ 11 नए मामले आए हैं। सभी पॉजिटिव सेना के जवान के प्राथमिक संपर्क में आने से संक्रमित हुए हैं।  इंदौरा की विधायक रीता धीमान की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। वहीं, कांगड़ा के पूर्व विधायक संजय चौधरी भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। अतिरिक्त मुख्य सचिव राम सुभग सिंह की पत्नी की रिपोर्ट भी कोरोना पॉजिटिव आई है। राम सुभग की रिपोर्ट पहले ही पॉजिटिव है।  डीसी कांगड़ा राकेश प्रजापति भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं।  

ऊना जिले में गगरेट के विधायक राजेश ठाकुर की पत्नी, बेटी, पीए, पीएसओ समेत 17 कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। हालांकि विधायक की रिपोर्ट निगेटिव है। उपमंडल के डंगोली का 43 वर्षीय राजस्व विभाग का कर्मी संक्रमित पाया गया है। क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में तैनात 34 वर्षीय महिला स्वास्थ्य कर्मी भी डयूटी के दौरान ही संक्रमित के संपर्क में आने से कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। जलशक्ति विभाग के 32, 51 और 55 वर्षीय तीन कर्मी संक्रमित हुए हैं। यह पॉजिटिव मरीज के संपर्क में आये थे। अंब की 35 वर्षीय महिला भी कोरोना की चपेट में आई है। यह चंडीगढ़ से लौटी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *