राइट न्यूज हिमाचल
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में दर्दनाक हादसा हुआ है. यहां पर एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई. हादसे में अब तक 4 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग घायल हैं. यह हादसा देहरा-चिंतपूर्णी मार्ग पर शिव मंदिर के पास एक तीखे मोड़ पर हुआ. जहां ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित हो गई और करीब 70 फुट गहरी खाई में जा गिरी.हादसा इतना भयानक था कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंच गए. बताया जा रहा है कि ट्रॉली में सवार सभी लोग पंजाब के कपूरथला से माता चिंतपूर्णी के दर्शन कर ज्वालामुखी की ओर जा रहे थे. इसी दौरान रास्ते में यह हादसा हो गया.घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और तुरंत राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया. स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को खाई से बाहर निकाला गया और उन्हें तुरंत देहरा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है. कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है.प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैक्टर-ट्रॉली काफी तेज रफ्तार में थी और चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा. मोड़ के पास अचानक तेज आवाज आई और वाहन खाई में गिर गया. मौके पर मौजूद लोगों ने बिना देर किए बचाव कार्य शुरू कर दिया, जिससे कई लोगों की जान बचाई जा सकी.मामले की पुष्टि करते हुए एसपी देहरा मयंक चौधरी ने कहा कि इस मार्ग पर अक्सर हादसे होते रहते हैं, इसलिए वाहन चालकों को सावधानी बरतने की जरूरत है. फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है.

