हिमाचल प्रदेश में एंट्री टैक्स को लेकर गहराए विवाद के बीच सीएम सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने सदन में कहा कि सरकार पहले जैसी स्थित बहाल करेगी। सीएम ने विपक्ष के लगातार विरोध पर कहा कि हमारी सरकार ने सब तरह की फीस मिलाकर टोल टैक्स को फास्टटैग से जोड़ा था। सीएम ने कहा कहा कि अब सरकार पहले की तरह अलग-अलग फीस लेगी।
सीएम ने कहा कि टोल टैक्स और एंट्री फीस पर भ्रम फैलाया जा रहा है। प्रदेश सरकार जल्द इस पर स्थिति स्पष्ट करेगी।
कार और 12 सीटर वाहन का पुराना प्रवेश शुल्क लगेगा
मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि टोल टैक्स को लेकर दोबारा से समीक्षा की गई है। उन्होंने कहा कि कार 5 सीटर और 6 से 12 सीटर का अब पुराना ही शुल्क दो दरों में लिया जाएगा। 5 सीटर कार का 70 रुपये, जबकि 6 से 12 सीटर वाहन के 110 रुपये लगेंगे।
छह टायर ट्रक के लगेंगे 320 रुपये
मुख्यमंत्री ने सदन को बताया कि 6 टायर ट्रक का शुल्क 320 रुपये ही रखा गया है, जबकि 10 से 14 टायर डबल एक्सल का 570 रुपये ही निर्धारित किया गया है।
सीएम सुक्खू ने कहा कि वह पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से बात करेंगे। उनकी पंजाब के कांग्रेस अध्यक्ष राजा वड़िग और प्रताप सिंह बाजवा से बात हुई है।
पंजाब और हरियाणा में प्रदर्शन
गत दो दिन सीमा पर पंजाब और हरियाणा के लोगों ने एंट्री टैक्स के विरोध में प्रदर्शन किया था। भरतगढ़ और बरोटीवाला में ढाई-ढाई घंटे यातायात जाम रखा, इस कारण लोगों को भारी परेशानी हुई।

