एक दिन पहले रोते-रोते किया पिता को फोन, अगली सुबह होस्टल रूम में पड़ी मिली छात्रा की देह

एक दिन पहले रोते-रोते किया पिता को फोन, अगली सुबह होस्टल रूम में पड़ी मिली छात्रा की देह

राइट न्यूज हिमाचल

हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां स्कूल में पढ़ने वाली कक्षा जमा-1 की छात्रा ने फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। छात्रा होस्टल के कमरे में मृत मिली है। जिससे घटना के बाद पूरे होस्टल में दहशत का माहौल है।जानकारी के अनुसार, बीते कल यानी 23 सितंबर की सुबह, जब बाकी सहपाठी अपनी कक्षाओं में चले गए, तो छात्रा अपने कमरे में अकेली रह गई। इसी दौरान उसने एक स्टॉल का इस्तेमाल कर फंदा लगा लिया।लगभग सुबह 9 बजे सफाई कर्मचारी जब कमरे में पहुंचा तो उसने छात्रा को फंदे से लटका देखा। तत्काल इसकी सूचना स्कूल प्रशासन को दी गई।

इसके बाद छात्रा को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, मगर तब तक बहुत देर हो चुकी थी।पुलिस निरीक्षण में मृतका के गले पर फंदे के निशान पाए गए, लेकिन शरीर पर किसी और तरह की चोट का कोई निशान नहीं मिला। घटनास्थल से पुलिस को लद्दाखी भाषा में लिखा हुआ एक हस्तलिखित नोट भी मिला है। इसके अलावा फंदे के लिए इस्तेमाल किया गया स्टॉल और स्कूल बेल्ट भी कब्जे में ले लिए गए हैं। पूरे मामले की जांच के लिए एसएफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया था।जांच में सामने आया है कि घटना से एक दिन पहले मृतका ने अपने पिता से फोन पर बात की थी।

बातचीत के दौरान वह काफी भावुक हो गई थी और रोने लगी थी। इससे स्पष्ट होता है कि वह अंदर ही अंदर मानसिक दबाव से जूझ रही थी।मृतका छात्रा की पहचान 17 वर्षीय युटोन पुत्री रिन्चन कुंगा निवासी शक्ति, खारी तहसील और जिला लद्दाख के रूप में हुई है। वह कुछ समय से चिन्मय स्कूल में पढ़ाई कर रही थी। प्रारंभिक जांच में यह भी पाया गया है कि, युटोन लंबे समय से पैर दर्द की समस्या और पढ़ाई के दबाव की वजह से वह मानसिक तनाव से गुजर रही थी।मामले की पुष्टि करते हुए एसपी सोलन गौरव सिंह ने बताया कि, मृतका युटोन के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। उनके पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। अब तक परिजनों या किसी अन्य पक्ष की ओर से संदेह प्रकट नहीं किया गया है। फिर भी पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू की गहन जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *