राइट न्यूज हिमाचल
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में बड़ा हादसा हुआ है. यहां पर मंगलवार को पांवटा साहिब के यमुनाघाट में दो सगे भाइयों सहित तीन लोग यमुना नदी में बह गए. घाट पर नहाते समय तीनों युवक यमुना में डूब गए. घटना की सूचना मिलने पर पांवंटा साहिब के एसडीएम गुंजीत सिंह चीमा, डीएसपी मानवेंद्र ठाकुर, तहसीलदार ऋषभ शर्मा और थाना प्रभारी देवी सिंह नेगी समेत गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और सर्च अभियान चलाया.
फिलहाल, तीनों युवकों का कुछ पता नहीं चल पाया है.जानकारी के अनुसार, ग्वाली गांव से कुल देवता की पालकी लेकर ग्रामीण हरिद्वार में गंगा स्नान के लिए गए थे. इस दौरान लौटते वक्त शिलाई क्षेत्र के ग्वाली गांव के तीन युवक घाट पर नहाने के लिए उतरे तो डूब गए.मंगलवार को स्नान करते हुए जब एक युवक डूब रहा तो बचाने के लिए बचाने के लिए दो सगे भाई नदी में कूदे. हालांकि, पानी का बहाव तेज होने की वजह से तीनों ही डूब गए. युवकों की पहचान अमित(23) पुत्र जोगी राम, कमलेश( 22 ) पुत्र प्रेम सिंह और रजनीश (20) पुत्र प्रेम सिंह निवासी ग्वाली, शिलाई के रूप में हुई है. इस दौरान कुछ लोगों ने तीनों को नदी में दूर तक बहते हुए भी देखा.
एसडीएम गुंजीत सिंह ने बताया कि एक युवक नदी में नहाने के लिए उतरा था और दो लोग उसे बचाने के लिए उतरे तो नदी में बह गए. एसडीएम ने बताया कि घटना की एक वीडियो भी सामने आई है और उसमें एक युवक बहते हुए नजर आया है. एसडीएम ने कहा कि तीनों युवक एक ही गांव के रहने वाले हैं और प्रारंभिक जानकारी में पता चला है कि दो सगे भाई हैं. प्रशासन की तरफ से सर्च ऑपरेशन जारी है. गोताखोरों की टीमें तलाश कर रही हैं.

