हिमाचल की मदद के लिए आगे आई त्रिपुरा सरकार, 5 करोड़ देने का किया ऐलान

हिमाचल की मदद के लिए आगे आई त्रिपुरा सरकार, 5 करोड़ देने का किया ऐलान

राइट न्यूज हिमाचल

हाल ही में हिमाचल प्रदेश में आई भीषण बाढ़ और भूस्खलन से भारी तबाही मची है। इस प्राकृतिक आपदा से जान-माल का भारी नुकसान हुआ है। हिमाचल प्रदेश के लोगों की मदद के लिए त्रिपुरा सरकार ने भी हाथ बढ़ाया है। त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने हिमाचल प्रदेश को 5 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। यह राशि हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री राहत कोष में जमा की जाएगी और इसका उपयोग बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत पहुँचाने के लिए किया जाएगा।मुख्यमंत्री माणिक साहा ने अपने फेसबुक पोस्ट के जरिए हिमाचल प्रदेश में हुए नुकसान पर दुख व्यक्त किया है।

उन्होंने कहा, “हाल ही में हिमाचल प्रदेश में आई भीषण बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। इस प्राकृतिक आपदा में जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदना है।” उन्होंने हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से फोन पर बात कर त्रिपुरा के लोगों की तरफ से अपना समर्थन और एकजुटता भी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस संकट की घड़ी में त्रिपुरा की जनता हिमाचल प्रदेश के भाइयों और बहनों के साथ खड़ी है।

20 जून को मानसून की शुरुआत के बाद से हिमाचल प्रदेश में प्राकृतिक आपदाओं की संख्या तेजी से बढ़ी है। राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र की रिपोर्ट के अनुसार, अब तक राज्य में 133 बड़े भूस्खलन, 95 अचानक बाढ़ की घटनाएं और 45 बार बादल फटने की घटनाएं दर्ज की गई हैं। इन आपदाओं में अब तक 366 लोगों की जान जा चुकी है, जिसमें से 203 लोगों की मौत भारी बारिश के कारण हुई, जबकि 163 लोगों की मौत सड़क दुर्घटनाओं में हुई है। इसके अलावा, सार्वजनिक और निजी संपत्ति को भी भारी नुकसान पहुंचा है, जिसका अनुमान 407906.90 लाख रुपये है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *