सुंदरनगर में भूस्खलन से मचा हाहाकार: मलबे में दबने से 6 लोगों की मौत, सर्च अभियान अभी भी जारी

सुंदरनगर में भूस्खलन से मचा हाहाकार: मलबे में दबने से 6 लोगों की मौत, सर्च अभियान अभी भी जारी

राइट न्यूज हिमाचल

हिमाचल प्रदेश के सुंदरनगर में मंगलवार रात हुए भीषण भूस्खलन ने भारी तबाही मचाई है। इस हादसे में अब तक कुल 6 लोगों के शव बरामद किए गए हैं। मरने वालों में वे पांच लोग शामिल हैं जो भूस्खलन की चपेट में आए और दो घरों में रह रहे थे। वहीं, एक व्यक्ति अपनी स्कूटी पर सवार होकर सड़क से गुजर रहा था, जो अचानक इस हादसे का शिकार हो गया।हादसे की जानकारी मिलते ही मंगलवार रात से ही बचाव कार्य शुरू कर दिया गया था।

राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीम ने देर रात तीन लोगों के शव बरामद कर लिए थे, जिसके बाद रात भर जारी अभियान के बाद तीन और शव मलबे से निकाले गए हैं। जिसके बाद अब तक भूस्खलन की चपेट में आए कुल 6 लोगों के शव बरामद किये जा चुके हैं। रात भर लगातार जारी रहे इस ऑपरेशन में प्रशासन की टीम भी जुटी रही।एसडीएम अमर नेगी ने इस दुखद घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है।

रेस्क्यू टीम को घटनास्थल पर एक स्कूटी और एक गाड़ी का कुछ हिस्सा मिला है। हालांकि, गाड़ी में सवार व्यक्ति की तलाश अभी भी जारी है। भूस्खलन का मलबा इतना ज्यादा है कि बचाव कार्य में काफी दिक्कतें आ रही हैं और लगातार बारिश भी जारी है, उम्मीद है कि अगर भूस्खलन की चपेट कुछ और लोग भी आए होंगे उनकी तलाश भी कर ली जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *