ड्रग्स तस्करी का भंडाफोड़, चिट्टे की खेप सहित कार सवार 3 युवक गिरफ्तार

ड्रग्स तस्करी का भंडाफोड़, चिट्टे की खेप सहित कार सवार 3 युवक गिरफ्तार

राइट न्यूज हिमाचल

जिला शिमला के रामपुर उपमंडल के तहत निरथ क्षेत्र में पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को हिरासत में लिया है। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने 17.150 ग्राम चिट्टा (हैरोइन) बरामद किया है। जानकारी के अनुसार पुलिस थाना रामपुर के प्रभारी आशीष कौशल अपनी टीम के साथ निरसु-निरथ मार्ग पर गश्त कर रहे थे। गश्त के दौरान उन्हें गुप्त सूचना मिली कि कुछ युवक भैरा खड्ड के पास एक कार में बैठकर नशे का सौदा कर रहे हैं।

सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम माैके पर पहुंची और एक सफेद रंग की एक कार (एचपी 25ए-2807) को चैक किया।गाड़ी में तीन युवक सवार थे, जिनकी पहचान प्रशांत नेगी पुत्र स्वर्गीय राजकुमार नेगी निवासी गांव व डाकघर रकचन, अविनाश ठाकुर पुत्र विनोद कुमार निवासी गांव व डाकघर रकचाम और दीवान जोश पुत्र स्वर्गीय चंद्र भगत निवासी गांव बोनिंग सारिंग, तहसील सांगला, जिला किन्नौर के रूप में हुई। तलाशी के दौरान युवकों के कब्जे से 17.150 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।

प्रारंभिक जांच में यह सामने आया कि आरोपी कथित तौर पर नशे की आपूर्ति और सेवन के लिए वहां मौजूद थे।डीएसपी रामपुर नरेश शर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि तीनों युवकों के खिलाफ पुलिस थाना रामपुर में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी नशा कहां से ला रहे थे और इनका नैटवर्क कहां तक फैला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *