हिमाचल के लाल को मिला बड़ा सम्मान, बॉर्डर पर दे चुके सेवाएं, बोले- फौजी के लिए गर्व की बात

हिमाचल के लाल को मिला बड़ा सम्मान, बॉर्डर पर दे चुके सेवाएं, बोले- फौजी के लिए गर्व की बात

राइट न्यूज हिमाचल

हिमाचल प्रदेश के लिए गर्व का क्षण आया है। कुल्लू जिले के गांव कोटला से ताल्लुक रखने वाले सशस्त्र सीमा बल (SSB) के निरीक्षक दीनानाथ को भारत सरकार ने विशिष्ट सेवा पदक से नवाजा है। यह सम्मान उन्हें राष्ट्र के प्रति उनकी 35 वर्षों की उल्लेखनीय सेवाओं के लिए प्रदान किया गया है।दीनानाथ का जन्म जिला कुल्लू के छोटे से गांव कोटला में हुआ। सीमित संसाधनों और कठिन हालात के बावजूद उन्होंने शिक्षा हासिल की और फिर पैरा मिलिट्री फोर्स में शामिल होकर देश सेवा का मार्ग चुना।

वर्तमान में वे कांगड़ा जिले के सपड़ी स्थित SSB केंद्रीकृत प्रशिक्षण केंद्र में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।अपने लंबे करियर में निरीक्षक दीनानाथ ने देश की कई सीमाओं पर ड्यूटी निभाई। वे राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (NSG) में भी तैनात रहे, जहां उनकी अनुशासन और सेवा भावना के लिए उन्हें महानिदेशक एनएसजी डिस्क अवॉर्ड और महानिदेशक एसएसबी डिस्क अवॉर्ड से सम्मानित किया जा चुका है।

सम्मान मिलने के बाद दीनानाथ ने कहा कि यह क्षण उनके लिए अत्यंत गौरवपूर्ण है। उन्होंने कहा कि यह पदक मैं अपने राष्ट्र को समर्पित करता हूं। यह सिर्फ मेरा नहीं बल्कि हर उस फौजी का सम्मान है जो देश की सुरक्षा के लिए दिन-रात डटा रहता है। हिमाचल के इस वीर बेटे की उपलब्धि ने न केवल उनके गांव कोटला बल्कि पूरे प्रदेश का मान बढ़ाया है। यह सम्मान आने वाली पीढ़ियों के लिए भी प्रेरणा बनेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *