रैंश नाले का रौद्र रूप…टनल में घुसा पानी और डूबती गाड़ियां…ये कोई नहर नहीं, चंडीगढ़ मनाली नेशनल हाईवे है!

रैंश नाले का रौद्र रूप…टनल में घुसा पानी और डूबती गाड़ियां…ये कोई नहर नहीं, चंडीगढ़ मनाली नेशनल हाईवे है!

राइट न्यूज हिमाचल

हिमाचल प्रदेश में चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे की बदहाली किसी से छुपी नहीं है. यहां पर शुक्रवार शाम को अलग ही नजारा दिखा. पहली बार यहां पर हाईवे पर बनी टनल में भी पानी घुस गया और कई गाड़ियां डूब गई. ऐसे में हाईवे यातायात के लिए बंद है.दरअसल, शुक्रवार शाम के समय पंडोह से कुल्लू की तरफ को जोरदार बारिश के कारण जगह-जगह लैंडस्लाइड होने से यह हाईवे यातायात के लिए बंद हो गया है. इस दौरान शाम को मंडी से पंडोह के बीच 9 मील के पास, जबकि पंडोह से आगे कैंची मोड़, रैंश नाला, दवाड़ा और पनारसा के पास लैंडस्लाइड और हाईवे पर भारी मलबा आने के कारण यह यातायात के लिए पूरी तरह से बंद हो गया है.9 मील के पास लैंडस्लाइड के कारण आए मलबे की चपेट में एक स्कार्पियो गाड़ी आ गई थी.

यहां मौके पर मशीनरी भी तैनात थी लेकिन लगातार हो रही बारिश और लैंडस्लाइड के कारण मलबे को हटाना संभव नहीं था. हमीरपुर का व्यक्ति अपनी स्कॉर्पियो कार के साथ मलबे में फंसा हुआ था. यहां मौजूद पंडोह निवासी महेश कुमार ने सक्रियता दिखाते हुए क्रेन की मदद से स्कॉर्पियो को खींचकर तुरंत बाहर निकलवा दिया और साथ ही अन्य वाहनों को भी यहां से क्रॉस करवा दिया.रैंश नाला के पास टनल के अंदर खड़ी गाड़ियां उस वक्त पानी और मलबे में डूब गई जब नाले में भारी मात्रा में मलबा और पानी आ गया. यह मलबा और पानी इतना ज्यादा था कि दो टनलों को आपस में जोड़ने के लिए बनाए गए पुल के उपर से ही गुजर गया और फिर टनल के अंदर जा घुसा.

गनीमत यही रही कि इन टनलों को दवाड़ा फ्लाईओवर के क्षतिग्रस्त होने के कारण यातायात के लिए बंद रखा गया था और जो वाहन खड़े थे, उन्हें स्थानीय लोग खड़ा करके दूसरे स्थानों पर चले गए थे. यदि यहां ट्रैफिक सुचारू रहता तो शायद बड़़ा हादसा हो सकता था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *