गहरी खाई में गिरी कार, चालक की मौ*त….

गहरी खाई में गिरी कार, चालक की मौ*त….

राइट न्यूज हिमाचल/चंबा

बनीखेत-खैरी संपर्क मार्ग पर बडेरू के समीप एक कार गहरी खाई में गिर गई। हादसे में चालक की मौत हो गई और एक किशोर घायल हुआ है। घायल को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल डल्हौजी पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे टांडा रैफर कर दिया है। मृतक की पहचान करण सिंह (24) पुत्र व्यास देव निवासी गांव छनूई डाकघर बगढार तहसील डल्हौजी जिला चम्बा के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार 30 जून को करण सिंह अपनी निजी कार में अपने चाचा के बेटे सुमित ठाकुर की बाजू में लगी चोट दिखाने के लिए अलेड गया था, जहां सुमित अपनी बाजू का इलाज करवा कर अपने घर वापस आने लगे। वापस आते समय सड़क व आसपास के इलाके में गहरी धुंध पड़ी हुई थी। इस वजह से सड़क पर वाहन चला पाना भी मुश्किल हो रहा था। इस दौरान चालक ने कार से नियंत्रण खो दिया, जिससे कार सड़क के नीचे गहरी खाई में जा गिरी।हादसे का किसी को कोई पता नहीं चल पाया।

जब दोनों भाई रातभर घर नहीं पहुंचे तो उनके परिजन चिंता में पड़ गए और उन्होंने दोनों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस चौकी बनीखेत को भी इस बारे में सूचना दी। इसके बाद ग्रामीणों ने दोनों को तलाश करने के लिए अभियान शुरू कर दिया। मंगलवार सुबह जब ग्रामीण बडेरू पनिहार के समीप सड़क किनारे तलाशने लगे तो कार की नंबर प्लेट सड़क से नीचे खाई में पड़ी देखी। कार करीब 200 मीटर गहरी खाई में मिली।

इसके बाद कर्ण सिंह का शव भी बरामद हो गया, लेकिन कार में सवार दूसरे किशोर का कोई पता नहीं चल पाया।पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से जंगल में सर्च अभियान चलाया। इस दौरान किशोर को जंगल में घबराया हुआ पाया। घायल किशोर की पहचान सुमित ठाकुर (14) पुत्र काका राम निवासी गांव छनूई डाकघर बगढार तहसील डल्हौजी के रूप में हुई है। उसे पीठ के सहारे उठाकर सड़क तक पहुंचाया गया। पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर लिया है। वहीं हादसा होने के कारणों की जांच की जा रही है।

पुलिस ने करण सिंह के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल डल्हौजी पहुंचाया, जहां शव का पोस्टमार्टम करने के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। डीएसपी डल्हौजी हेमंत ठाकुर ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि घायल को डा. राजेंद्र प्रसाद मैडिकल कालेज टांडा रैफर कर दिया है और मामला दर्ज कर आगामी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *