हिमाचल में बारिश ने मचाई तबाही, जनजीवन अस्त-व्यस्त, जानिए अपडेट

हिमाचल में बारिश ने मचाई तबाही, जनजीवन अस्त-व्यस्त, जानिए अपडेट

राइट न्यूज हिमाचल

हिमाचल प्रदेश में मॉनसून का कहर जारी है। लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। मॉनसून अब प्रदेश के विभिन्न जिलों में अपनी रफ्तार पकड़ रहा है और मौसम विभाग के अनुसार, 27 जून तक इसका प्रभाव बहुत अधिक रहने वाला है। शिमला स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने यह भी अनुमान लगाया है कि राज्य में 30 जून तक लगातार बारिश जारी रहेगी।आज, यानी 26 जून और कल, 27 जून को हिमाचल प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर भारी बारिश होने की प्रबल संभावना है।

इसके साथ ही, कुछ अलग-अलग स्थानों पर एक या दो बार बहुत भारी बारिश भी देखने को मिल सकती है, जिससे स्थिति और गंभीर हो सकती है.आज हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश के साथ मध्यम गरज और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है. इनमें चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, सोलन, शिमला, सिरमौर और मंडी जिले शामिल हैं। वहीं, लाहौल-स्पीति और किन्नौर जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना है, जिससे इन क्षेत्रों को थोड़ी राहत मिल सकती है।बीते कल कुल्लू में हुई भयंकर बारिश और बादल फटने की घटनाओं ने भारी तबाही मचाई है।

लेकिन, कुल्लू के साथ-साथ अब मंडी जिले पर भी खतरा मंडरा रहा है। मौसम विज्ञान विभाग के शिमला केंद्र ने आज के लिए मंडी में भारी बारिश को लेकर ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। मंडी के उपायुक्त अपूर्व देवगन ने इस संबंध में एक विशेष एडवाइजरी जारी करते हुए लोगों से बेहद सावधानी बरतने की अपील की है।27 जून से 30 जून तक के लिए भी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है, जिसका मतलब है कि अगले चार-पांच दिनों तक मंडी जनपद में मौसम के तेवर कड़े रहने वाले हैं।

भारी बारिश के साथ-साथ तेज हवाएं चलने और आसमानी बिजली गिरने का भी अलर्ट जारी किया गया है, लिहाजा इस स्तर पर लोगों को विशेष सावधानी बरतनी होगी।प्रशासन ने पर्यटकों और आम जनता से विशेष अपील की है कि वे ऊंचाई वाले स्थानों का रुख न करें और नदी-नालों से दूर रहें। भूस्खलन और अचानक बाढ़ की आशंका के मद्देनजर यह चेतावनी बेहद महत्वपूर्ण है। लोगों को सलाह दी गई है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें और सुरक्षित स्थानों पर रहें। आपातकालीन स्थिति में स्थानीय प्रशासन से संपर्क करें और जारी की जा रही चेतावनियों पर ध्यान दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *