हिमाचल: चालक ने खाेया नियंत्रण, बच्चों से भरी स्कूल बस हुई हादसे का शिकार

हिमाचल: चालक ने खाेया नियंत्रण, बच्चों से भरी स्कूल बस हुई हादसे का शिकार

राइट न्यूज हिमाचल

बैजनाथ की सेहल-संसाल सड़क पर सेहल के पास एक निजी स्कूल की बस अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे बने स्टोर से टकरा गई। बस टकराने के बाद बस में सवार विद्यार्थियाें में चीखोपुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर बच्चों को बस से बाहर निकाला और उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को छुट्टी दे दी गई।

गनीमत रही कि सभी बच्चों को सिर्फ मामूली चोटें आई हैं।प्राथमिक जांच में सामने आया है कि बस के सामने से एक टैक्सी और कार आ रही थीं, जिससे चालक हड़बड़ा गया और नियंत्रण खो बैठा। गनीमत रही कि बस सड़क की दूसरी ओर नहीं गई, वरना गहरी खाई में गिर सकती थी। पुलिस ने बस चालक की गलती पाए जाने पर बस को कब्जे में ले लिया है।

थाना प्रभारी मुनीष कुमार के अनुसार पुलिस ने चालक को दोषी पाया है, जिस वजह से बस को कब्जे में लिया गया है। उधर, बैजनाथ पुलिस ने अन्य स्कूल बसों की चैकिंग की और अनियमितताएं पाए जाने पर 4 बसों के चालान किए हैं। थाना प्रभारी के अनुसार बच्चों की सुरक्षा के साथ किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जा सकता, इसलिए भविष्य में भी बस चैकिंग का यह अभियान जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *