हिमाचल पुलिस में बड़ा फेरबदल: अशोक तिवारी बने कार्यकारी DGP, गौरव सिंह को मिला शिमला SP का अतिरिक्त कार्यभार

हिमाचल पुलिस में बड़ा फेरबदल: अशोक तिवारी बने कार्यकारी DGP, गौरव सिंह को मिला शिमला SP का अतिरिक्त कार्यभार

राइट न्यूज हिमाचल

हिमाचल प्रदेश में विमल नेगी मामले की जांच को लेकर चल रहे विवाद के बीच सरकार ने पुलिस महकमे में बड़ा बदलाव किया है। आईपीएस अधिकारी अशोक तिवारी को हिमाचल प्रदेश का कार्यकारी पुलिस महानिदेशक (DGP) नियुक्त किया गया है, जबकि सोलन के एसपी गौरव सिंह को शिमला के एसपी का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। इन दोनों अधिकारियों ने बुधवार को अपने-अपने नए पदों का कार्यभार संभाल लिया है।

अशोक तिवारी, जो 1993 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं, वर्तमान में विजिलेंस के डीजीपी के पद पर तैनात थे। उन्हें अब राज्य पुलिस की कमान सौंपी गई है।

वहीं, गौरव सिंह ने शिमला के एसपी कार्यालय में अपना कार्यभार ग्रहण किया। हालांकि, वह सोलन के एसपी के तौर पर भी अपनी सेवाएं जारी रखेंगे। कार्यभार संभालने के पहले ही दिन उन्होंने शिमला जिले के अपराध की स्थिति (क्राइम स्टेटस) को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक की और सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए एसएचओ और अन्य पुलिस अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए।

इस फेरबदल के तहत, निवर्तमान डीजीपी अतुल वर्मा और शिमला के एसपी संजीव गांधी को प्रदेश सरकार ने छुट्टी पर भेज दिया है। डीजीपी अतुल वर्मा चार दिन की छुट्टी के बाद पुलिस मुख्यालय लौटेंगे। वह 31 मई को सेवानिवृत्त होने वाले हैं, और उनकी सेवानिवृत्ति के दिन पुलिस विभाग के अधिकारियों द्वारा उन्हें विदाई पार्टी दी जाएगी। यह बदलाव राज्य की कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में सरकार का एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *