हिमाचल: परिवार ने दिल्ली नौकरी करने भेजा था बेटा, घर के पास जंगल में मिली देह

हिमाचल: परिवार ने दिल्ली नौकरी करने भेजा था बेटा, घर के पास जंगल में मिली देह

राइट न्यूज हिमाचल

हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिला के एक परिवार पर उस समय दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, जब उनके जवान बेटे का शव जंगल में पेड़ से लटका हुआ मिला। उनका बेटा दिल्ली में काम करता था और पिछले 10 दिन से लापता था। परिजनों को उम्मीद थी कि पुलिस उनके बेटे को ढूंढ लेगी। लेकिन उनकी यह उम्मीद भी टूट गई। बेटे की मौत से परिवार को गहरा सदमा लगा है।

मामला कांगड़ा जिला के उपमंडल पालमपुर के तहत आते बैजनाथ का है। बैजनाथ का 26 वर्षीय युवक अभिषेक दिल्ली में काम करता था। इसी बीच अभिषेक अचानक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। परिजनों ने उसकी हर जगह तलाश की, लेकिन जब वह नहीं मिला तो परिजनों ने दिल्ली में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई।

इसी बीच करीब 10 दिन बाद अभिषेक का शव आज मंगलवार को पालमपुर उपमंडल के बंदला के जंगल में मिला। युवक का शव पेड़ से लटका हुआ था। जंगल में गए किसी शख्स ने शव को देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगामी जांच शुरू कर दी है। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि युवक ने आत्महत्या की है, या उसकी हत्या कर शव को लटकाया गया है।

वहीं इस बात की जानकारी नहीं है कि युवक दिल्ली से हिमाचल कब लौटा था। पुलिस के अनुसार शव को देखकर ऐसा लगता है कि यह आठ से 10 दिन पुराना है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर ही है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है और आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अधिकारियों ने भी घटनास्थल का दौरा किया है। युवक की मौत से उसके परिवार के साथ साथ पूरे गांव में मातम पसर गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *