राइट न्यूज हिमाचल
हिमाचल प्रदेश ने अपना एक और वीर जवान खो दिया है। कांगड़ा जिले के बैजनाथ उमपमंडल से संबंध रखने वाले ITBP जवान हवलदार संजय कुमार पंचतत्व में विलीन हो गए हैं। उनकी अंतिम यात्रा में सैंकड़ों लोग शामिल हुए और वीर जवान अमर रहे के नारों के साथ उनको अंतिम विदाई दी।
इससे पहले ITBP के जवानों ने हवलदार संजय कुमार को गार्ड ऑफ ऑनर देकर श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके पिता को तिरंगा सौंपा। जवान के निधन के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।बताया जा रहा है कि ITBP हवलदार संजय कुमार लंबे से बीमारी से जूझ रहे थे। जिसके चलते इन दिनों चंडीगढ़ स्थित आर्मी अस्पताल में उनका उपचार चल रहा था।
जहां बीते कल उन्होंने दम तोड़ दिया। संजय कुमार बैजनाथ के पढियारखर गांव के रहने वाले थे। वर्तमान में संजय नॉर्थ ईस्ट में सेवाएं दे रहे थे। जवान का अंतिम संस्कार उनके पैतृक श्मशानघाट में किया गया है। जवान के देहांत के बाद पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।हिमाचल प्रदेश, जिसे “वीरभूमि” के नाम से भी जाना जाता है, देश की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले बहादुर जवानों की धरती है।
इस पहाड़ी राज्य ने हमेशा से भारतीय सेना को ऐसे वीर सैनिक दिए हैं जिन्होंने अपने साहस और बलिदान से देश का नाम गौरवान्वित किया है। हिमाचल के जवान कारगिल युद्ध से लेकर अन्य सैन्य अभियानों तक अग्रिम पंक्ति में रहे हैं और अपनी मातृभूमि की रक्षा में शहीद हुए हैं। यहां के ऊंचे पहाड़ न केवल प्रदेश की खूबसूरती का प्रतीक हैं, बल्कि उन वीरों की यादों को भी संजोए हुए हैं- जिन्होंने अपनी जान की बाजी लगाई।
बिलासपुर, मंडी, कांगड़ा, और हमीरपुर जैसे जिलों ने भारतीय सेना को सैकड़ों जवान दिए हैं। कारगिल युद्ध में कैप्टन विक्रम बत्रा और अन्य सैनिकों का बलिदान हिमाचल की वीरता का प्रतीक है।