सिरमौर:नशे के खिलाफ कालेजों में लगाया जाएगा कैंप…

राइट न्यूज हिमाचल

उपायुक्त सिरमौर सुमित खिमटा की अध्यक्षता में मंगलवार को उपायुक्त कार्यालय के सभागार में पुलिस विभाग द्वारा मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए बैठक का आयोजन किया गया।

उन्होंने मादक पदार्थों जैसे भांग व अफीम की अवैध खेती की निगरानी तथा इसकी सूचना देने के लिए सभी खंड विकास अधिकारियों, पंचायती राज विभाग के प्रतिनिधियों को अपनी जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए। भांग व अफीम की अवैध खेती की सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम गुप्त रखा जाएगा।

उन्होंने बच्चों में बढ़ रहे नशे की रोकथाम एवं उस पर अंकुश लगाने के लिए शिक्षा विभाग को विद्यालयों, कालेजों व तकनीकी संस्थानों में नशा जागरूकता अभियान के तहत कार्यक्रमों का आयोजन करने को कहा।

उन्होंने औषध विभाग को एव्रिल औषध और अन्य एलर्जी रोधी औषध व इंजेक्शन आदि की अवैध बिक्री की रोकथाम एवं उस पर अंकुश लगाने के लिए दवा विक्रेताओं की दुकानों एवं गोदामों की निगरानी तथा उनका औचक निरीक्षण करने के भी आदेश दिए।

उन्होंने कृषि, वन एवं राजस्व विभाग के प्रतिनिधियों को फील्ड स्तर पर भांग व अफीम की अवैध खेती की प्रत्यक्ष रूप में निगरानी व निरीक्षण करने तथा वास्तविक सूचना दिए जाने व जागरूक किए जाने पर बल दिया। बैठक का संचालन करते हुए पुलिस अधीक्षक सिरमौर ने मादक पदार्थों के बढ़ते प्रचलन और अवैध तरीके से लोगों द्वारा की जा रही अफीम व भांग की खेती के बारे में अवगत करवाया।

बैठक में उप-पुलिस अधीक्षक रमाकांत, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. अजय पाठक, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुनील शर्मा, जिला कल्याण अधिकारी विवेक अरोड़ा, जिला वन अधिकारी रामपाल के अतिरिक्त विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *