राइट न्यूज हिमाचल
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सिरमौर सुमित खिमटा ने गुरुवार को सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ मतदान केंद्रों के युक्तिकरण संबंधी बैठक की अध्यक्षता की।
बैठक में सिरमौर जिला के नाहन, पांवटा, शिलाई तथा श्रीरेणुकाजी इत्यादि विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के अंतर्गत पडऩे वाले कुछ मतदान केंद्रों को अलग करने तथा नया मतदान केंद्र बनाए जाने के प्रस्ताव प्रस्तुत किए गए। इन प्रस्तावों में 56-नाहन विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के मतदान केंद्र 56/30 जाबल का बाग के अंतर्गत आने वाले अनुभाग-1 गदपेला के मतदाताओं को मतदान केंद्र तक आने के लिए तीन किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ती है।
मतदाताओं की सुविधा के लिए उक्त अनुभाग को मतदान केंद्र 56/60 में समायोजित करने का प्रस्ताव रखा गया। इसी प्रकार 57-श्रीरेणुकाजी (अ.जा.) विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के 23-मैथली के बूथ संख्या 23-मैथली के तहत राजस्व ग्राम निहोग के मतदाताओं को मतदान के लिए चार किलोमीटर का रास्ता तय करना पड़ता था।इसलिए इस गांव के मतदाताओं की सुविधा के लिए 18-(क) राजकीय प्राथमिक पाठशाला निहोग में नया मतदान केंद्र बनाने का प्रस्ताव रखा गया।
इसी निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत 78-जामू के तहत राजस्व ग्राम हयुनाड के मतदाताओं को मतदान के लिए चार किलोमीटर आना पड़ता था को भी 78-(क) राजकीय प्राथमिक पाठशाला हयुनाड में नया मतदान केंद्र खोलने का प्रस्ताव रखा गया। उपायुक्त ने बैठक के दौरान रखे गए प्रस्ताव के बारे में सभी राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों से विस्तार से चर्चा की गई तथा सभी पार्टियों के प्रतिनिधियों द्वारा बैठक में रखे गए सभी प्रस्तावों का समर्थन किया।
राजनीतिक पार्टियों से भाजपा नाहन के संजय गोयल, कांग्रेस पार्टी नाहन तथा रेणुकाजी के सलीम अहमद और मित्र सिंह तोमर, सीपीआईएम के राजेंद्र ठाकुर, बसपा के अयोध्या प्रसाद , तेजेंद्र सिंह अधीक्षक तथा पांचों निर्वाचन क्षेत्रों के कानूनगो उपस्थित थे।


