राइट न्यूज हिमाचल….
शहर में चिड़ावाली कब्रिस्तान की सूरत बदलने की मुहिम चल रही है। इसका बीड़ा अंजुमन इस्लामिया ने उठाया है। प्रथम चरण में कब्रिस्तान की उबड़-खाबड़ जमीन को सही करने का कार्य शुरू किया गया।
इसके बाद रास्तों का निर्माण भी प्रगति पर है। इसी बीच बुधवार से कब्रिस्तान में पौधारोपण का कार्य भी शुरू कर दिया गया है।अंजुमन इस्लामिया के सदस्यों ने चिड़ावाली कब्रिस्तान में पौधारोपण किया। नीम व तूनी के 105 पौधे रोपित किए गए। अध्यक्ष बाॅबी अहमद ने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को पर्यावरण संरक्षण की विरासत सौंपनी होगी।
एक व्यक्ति एक पौधे का लक्ष्य रखा गया है। बता दें कि पहले कब्रिस्तान की हालत बेहद ही दयनीय थी। धीरे-धीरे अंजुमन इस्लामिया ने कब्रिस्तान को नया रूप देने का प्रयास शुरू किया है। बता दें कि शहर के मुस्लिम समाज के कई परिवार अपने अजीजों की कब्र के आसपास पौधे रोपते हैं।
हाल ही में महरूम अंजुमन शेख की कब्र पर भाईयों मुमताज, शकील व निजाम अहमद ने नीम व अमरूद का पौधा रोपित किया था। अंजुमन इस्लामिया के पौधारोपण अभियान में बुधवार को सलीम अहमद, इस्लाम खान, मोबिन इकबाल, शेख इम्तियाज मिर्जा, मोहम्मद रफी, तेहसीन मिर्जा, इमरान खान, मोहम्मद कैफ, धोनी, आरीफ अंसारी, नावेद सैय्यद इत्यादि मौजूद रहे। अध्यक्ष बाॅबी अहमद ने कहा कि बुधवार को पौधारोपण का प्रयास सफल रहा है।
