हिमाचल: राख बना दो मंजिला मकान, कमरे में सो रहे थे दंपति और छोटे बच्चे

राइट न्यूज हिमाचल

हिमाचल प्रदेश के जिला कुल्लू स्थित पर्यटन नगरी मनाली से एक भीषण अग्निकांड का मामला सामने आया है। जहां मनाली से सटे बलसारी गांव में एक दोमंजिला मकान जलकर राख हो गया।

बताया गया कि जिस समय मकान धूं-धूं कर जल रहा था उस समय मकान के अंदर पति-पत्नी सही उनके दो बच्चे भी मौजूद थे। आग लगने के दौरान गांव में अफरा-तफरी मच गई।मिली जानकारी के अनुसार, स्थानीय लोग आग बुझाने के लिए तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और अपने स्तर पर बचाव कार्य शुरू किया। लेकिन घर में रखी घास और लकड़ी ने आग को और भड़काने का काम किया।

स्थिति तब और गंभीर हो गई जब घर में रखा गैस सिलेंडर फट गया जिससे आग तेजी से फैल गई। कुछ ही मिनटों में पूरा मकान राख में तब्दील हो गया।अग्निशमन केंद्र मनाली के प्रभारी सरनपत ने बताया कि यह मकान बलसारी गांव के निवासी नील चंद ठाकुर का था। जिसे उन्होंने चौकीदार नेपाली मूल के जोशी और उनके परिवार को रहने के लिए दिया था।

घटना में जोशी, उनकी पत्नी और दो बच्चे सुरक्षित बच गए लेकिन मकान पूरी तरह जल गया। इस अग्निकांड से नील चंद ठाकुर और नेपाली परिवार को 10 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है।डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। उन्होंने यह भी कहा कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है जो राहत की बात है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *