हिमाचल ने खोया एक और जवान, 6 दिन पहले ही छुट्टी पर आया था घर

राइट न्यूज हिमाचल

हिमाचल प्रदेश बीते तीन दिनों में अपने चार वीर जवानों को खो दिया है। ताजा मामला मंडी जिले से सामने आया है- जहां पर चौंतड़ा ब्लॉक की टिकरी पंचायत के CRPF के जवान ज्ञान चंद का देहांत हो गया है।

जवान अभी छह दिन पहले ही छुट्टी लेकर घर आया था।CRPF जवान ज्ञान चंद छत्तीसगढ़ में तैनात था। ज्ञान चंद के निधन से ना सिर्फ उनके परिवार में बल्कि पूरे गांव में मातम पसर गया है। जवान के ऐसे असमय निधन होने से पूरा परिवार सदमे में है।ज्ञान चंद 6 दिन पहले ही परिवार के साथ समय बिताने के लिए घर छुट्टी पर आए थे।

उनके छुट्टी पर घर आने से पूरा परिवार बहुत खुश था। मगर उन्हें क्या पता था कि यह खुशियां कुछ ही दिनों में मातम में बदल जाएंगी।बताया जा रहा है कि मंगलवार को ज्ञान चंद घर पर ही थे। इस दौरान अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई। इसके बाद परिजन उन्हें इलाज के लिए दिल्ली स्थित सैन्य अस्पताल ले जा रहे थे। मगर रास्ते में ज्ञान चंद की तबीयत ज्यादा खराब हो गई।

पालमपुर के एक अस्पताल में ले गए-जहां चिकित्सकों की तमाम कोशिशों के बावजूद भी उन्हें नहीं बचाया जा सके। ज्ञान चंद ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। उनके निधन ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया। जबकि, पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।लोगों का कहना है कि ज्ञान चंद काफी मिलनसार और शांत स्वभाव का व्यक्ति था। बताया जा रहा है कि बीते कल जवान का अंतिम संस्कार सैन्य सम्मान के साथ होना था।

मगर CRPF की टुकड़ी के समय पर ना पहुंचने के कारण यह रस्म अधूरी रह गई। जिसके चलते अब आज उनका अंतिम संस्कार पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनके पैतृक गांव में किया जाएगा।बता दें कि दो दिन पहले ही ऊना जिला के जवान परमवीर भी शहीद हो गए थे। जवान परमवीर सिंह का लेह-लद्दाख में हृदय गति रुकने से निधन हुआ था।

मंगलवार को ही इस जवान का भी पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया था।वहीं, कल बिलासपुर जिला के घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र के कुड़साय गांव के 55 वर्षीय जवान पवन कुमार का भी अंतिम संस्कार किया गया। पवन कुमार भी सीआरपीएफ में तैनात थे और जम्मू.कश्मीर के कटरा में अपनी सेवाएं दे रहे थे। उनकी मौत भी हार्ट अटैक से हुई थी।

इसके अलावा ऊना जिला के गगरेट क्षेत्र के केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल सीआरपीएफ जवान अब्दुल मजीद की एक सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। जवान अब्दुल मजीद मात्र 35 साल का था। जवान तीन दिन पहले ही छुट्टी पर घर आया था। यह जवान सीआरपीएफ में कांस्टेबल के पद पर जम्मू में तैनात था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *