हिमाचल: चौपाल के नेरवा में स्काॅर्पियो गाड़ी खाई में गिरी, 2 की मौ/त, 2 घायल

राइट न्यूज हिमाचल

हिमाचल प्रदेश के शिमला जिला में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। बीते दिन चौपाल उपमंडल के तहत जहां चूड़धार की तलहटी पर एक सड़क हादसा पेश आया था, वहीं अब नेरवा में एक सड़क हादसा पेश आया है, जिसमें 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि 2 अन्य घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार उक्त हादसा नेरवा से करीब 15 किलोमीटर दूर शामठा-टिक्करी मार्ग पर पिपलाह में बुधवार देर रात पेश आया। पुलिस के अनुसार एक स्काॅर्पियो गाड़ी (एचपी 08सी-0346) में एक स्थानीय व्यक्ति और 3 बिहारी मूल के व्यक्ति अपने निवास की ओर जा रहे थे। पिपलाह के पास चालक के नियंत्रण खो देने से जीप गहरी खाई में लुढ़क गई।

इस दौरान 2 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि 2 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत व बचाव कार्य शुरू किया और शवों तथा घायलों को खाई से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। हादसे में मारे गए लोगों की पहचान प्रताप हंसटा (38) पुत्र रती राम निवासी गांव बासरा, डाकघर टिक्करी तहसील नेरवा और बिहारी मूल के तुना राम (41) के रूप में हुई है।

घायल हुए 2 व्यक्ति भी बिहारी मूल के हैं, जिनका सिविल अस्पताल नेरवा में उपचार चल रहा है।डीएसपी चौपाल के सुशांत शर्मा ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है और घायलों का उपचार चल रहा है। इस हादसे को लेकर मामला दर्ज कर लिया गया है और कारणों की जांच की जा रही है।

बता दें कि इससे पहले मंगलवार की रात चौपाल के लिहाट नाला में एक कार के दुर्घटनाग्रस्त होने से 3 युवकों की मौत हो गई थी। तीनों मृतक शिमला जिला के जुब्बल के रहने वाले थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *