हिमाचल का एक और जवान अरुणाचल में हुआ शहीद, दो माह पहले हुई थी शादी

राइट न्यूज हिमाचल

हिमाचल प्रदेश का एक और जवान आज शुक्रवार को देश पर कुर्बान हो गया है। यह जवान कांगड़ा जिला के धर्मशाला के साथ लगते सिद्धबाड़ी का रहने वाला था। बड़ी बात यह है कि पिछले पांच दिन में हिमाचल का यह तीसरा जवान है जो देश की सरहदों की रक्षा करते हुए शहीद हो गया है। धर्मशाला के सिद्धबाड़ी का यह जवान अक्षय कुमार अरुणाचल प्रदेश में ड्यूटी पर तैनात था।

मिली जानकारी के अनुसार सिद्धबाड़ी की बागनी पंचायत 29 वर्षीय जवान अक्षय कुमार अरुणाचल प्रदेश में ड्यूटी के दौरान शहीद हो गया है। अक्षय कुमार 19 डोगरा बटालियन में तैनात थे और उनकी अभी मात्र दो माह पहले ही शादी हुई थी। जवान की मौत से ना सिर्फ उसके परिवार में बल्कि पूरे गांव में मातम का माहौल है।अक्षय कुमार 2015 में महज 19 साल की उम्र में भारतीय सेना में भर्ती हुए थे।

बेटे के भर्ती होने के परिवार ने उसकी शादी तय कर दी। अभी दो माह पहले ही जवान अक्षय कुमार की शादी हुई थी। घर में नई नवेली दुल्हन को छोड़ कर जवान दिल में में नए जीवन की शुरूआत करने के सपने देखते हुए वापस ड्यूटी पर गया था, लेकिन इसी बीच उनके शहीद होने की खबर से घर में मातम पसर गया।जवान के पिता संसार चंद ने बताया कि जिस आंगन में हमने दो माह पहले धूमधाम से बेटे का ब्याह रचाया था, हमें क्या पता था कि दो माह बाद ही उसी बेटे की शहादत की खबर हमे मिलेगी। संसार चंद ने बताया कि उनके बेटे को बचपन से ही भारतीय सेना में जाने का शौक था।

अपने सपने को पूरा करने के लिए उसने कड़ी मेहनत की और 19 साल की उम्र में ही वह भारतीय सेना में भर्ती हो गया था।अक्षय कुमार के शहीद होने की आज शुक्रवार को जैसे ही घर में खबर मिली तो घर के साथ साथ पूरे गांव में मातम पसर गया। हर कोई अक्षय की शहादत पर गर्व भी कर रहा है और उसकी इस तरह छोटी उम्र में उनको छोड़ जाने से दुखी भी है। बताया जा रहा है कि अक्षय कुमार की पार्थिव देह कल शनिवार को उनके पैतृक गांव पहुंचेगी, जहां पूरे सैन्य सम्मान के साथ उसे अंतिम विदाई दी जाएगी।

बता दें कि अभी चार दिन पहले ही मंडी जिला के जलौण गांव का जवान हवलदार नवल किशोर सिचाचिन ग्लेशियर में शहीद हुआ है। इस जवान की शादी भी अभी मात्र डेढ़ साल पहले हुई थी। जवान नवल किशोर सियाचिन में सांस लेने की तकलीफ के बाद शहीद हो गए थे। जिनका पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।इसी तरह से कांगड़ा जिला के देहरा का जवान भी दो दिन पहले देश पर कुर्बान हो गया है।

देहरा के सूबेदार संदीप अवस्थी का बीते रोज ही सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया है। संदीप कुमार की पार्थिव देह को उनकी बेटी ने मुखाग्नि दी। संदीप कुमार असम राइफल में नागालैंड के दीमापुर में अपनी सेवाएं दे रहे थे। ड्यूटी के दौरान उन्हें हार्ट अटैक आया और उनका देहांत हो गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *