राइट न्यूज हिमाचल/सोलन
स्वास्थ्य मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल के गृह क्षेत्र कंडाघाट के सिविल में एक्सपायरी डेट की दवाओं का मामला सामने आया है। इन दवाओं की एक्सपायरी डेट अगस्त में खत्म हो गई थी। इसके बावजूद रोगियों को यह दवाएं वितरित की जा रही हैं।
इससे अस्पताल की डिस्पैंसरी के कर्मचारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। मामला सामने आने के बाद कार्यकारी सीएमओ ने इस पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं। बीएमओ सायरी अजय सिंह को इस मामले का जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। इससे स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर भी कई सवाल खड़े हो गए हैं।
हैरानी की बात यह है इन दवाओं की एक्सपायरी डेट की ओर किसी ने भी ध्यान नहीं दिया। अस्पताल की डिस्पैंसरी में कई दवाओं की एक्सपायरी डेट अगस्त महीने में ही समाप्त हो गई थी। इन दवाओं को वहां से हटाया नहीं गया। शायद रोगियों व तीमारदारों ने भी इस ओर ध्यान नहीं दिया। एक्सपायरी डेट खत्म होने के पौने दो माह बाद अब जाकर यह मामला उजागर हुआ है। कंडाघाट अस्पताल तो वैसे ही पिछले कुछ दिनों से सुर्खियों में है। अस्पताल के दोनों फार्मासिस्ट छुट्टी पर हैं।


