विधानसभा विंटर सेशन-1200 जवान देंगे पहरा- ड्रोन से होगी निगरानी- 8 सेक्टर में बंटा धर्मशाला

राइट न्यूज हिमाचल

हिमाचल प्रदेश विधानसभा का शीतकालीन सत्र आज 18 दिसंबर बुधवार से 21 दिसंबर तक धर्मशाला में आयोजित हो रहा है। इस संबंध में सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। SP कांगड़ा शालिनी अग्निहोत्री ने इस बारे जानकारी देते हुए कहा कि सत्र के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं।

धर्मशाला को सुरक्षा की दृष्टि से आठ सेक्टरों में विभाजित किया गया है और प्रत्येक सेक्टर की निगरानी के लिए एक वरिष्ठ अधिकारी नियुक्त किया गया है। सत्र के दौरान 1200 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।निगरानी ड्रोन के माध्यम से की जाएगी।

विधानसभा और पुलिस मुख्यालय को ऑपरेशनल हब के रूप में स्थापित किया गया है ताकि सुरक्षा व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो सके।सत्र के दौरान प्रदर्शन करने या ज्ञापन सौंपने वाले संगठनों के लिए जोरावर स्टेडियम में विशेष प्रबंध किए गए हैं।

प्रदर्शनकारियों को पुलिस निगरानी में विधानसभा परिसर तक ले जाया जाएगा।साथ ही, जो लोग विधानसभा की कार्यवाही को देखना चाहते हैं, उनके लिए परिसर के बाहर विशेष स्क्रीनिंग व्यवस्था की गई है, जिससे परिसर में भीड़भाड़ न हो और सुरक्षा प्रभावित न हो।एसपी शालिनी अग्निहोत्री ने जनता से सहयोग की अपील की है।

उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।साथ ही सड़क किनारे वाहन पार्किंग से बचें और निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करें। विधानसभा सत्र के दौरान सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी नियमों का पालन करने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *