राइट न्यूज हिमाचल
सिरमौर जिला के उपमंडल पांवटा साहिब के बायकुआं में एक कबाड़ के गोदाम में आग लगने से काम करने वाली 4 महिलाएं झुलस गईं तथा एक 4 वर्षीय बच्ची लापता हो गई है। घायल महिलाएं सिविल अस्पताल में उपचाराधीन हैं। गाेदाम में आग लगने से लाखों रुपए का नुक्सान हुआ है।
अग्निशमन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।प्राप्त जानकारी के अनुसार पांवटा साहिब के बायकुआं में एक कबाड़ का गोदाम संचालित है। बुधवार दोपहर के समय कुछ महिलाएं कबाड़ के गोदाम में काम कर रही थीं कि अचानक गोदाम में आग भड़क गई। इस दौरान वहां पर काम कर रहे लोग इधर-उधर भागने लगे। आग की सूचना प्रशासन व दमकल विभाग को दी गई।
सूचना मिलते ही पांवटा साहिब के तहसीलदार ऋषभ शर्मा और अग्निशमन की गाड़ियों सहित पुलिस मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने में जुट गए।पुलिस व स्थानीय लोगों द्वारा घायल ओमवती, सुमन, सुनीता व कमलेश को गोदाम से बाहर निकाल कर 108 एम्बुलैंस की मदद से सिविल अस्पताल पांवटा साहिब लाया गया, जहां पर उनका उपचार चल रहा है।
बताया जा रहा है कि एक 4 वर्षीय बच्ची गोदाम के अंदर खेल रही थी तथा वह लापता हो गई है, जिसकी तलाश की जा रही है। कबाड़ के गोदाम में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।उधर, पांवटा साहिब के तहसीलदार ऋषभ शर्मा ने बताया कि एक कबाड़ के गोदाम में आग लगने से वहां काम करने वाली 4 महिलाएं झुलस गई हैं, जिनका अस्पताल में उपचार चल रहा है। इस घटना में एक 4 वर्षीय बच्ची लापता है, जिसकी तलाश की जा रही है तथा इस घटना की जांच चल रही है।


