राइट न्यूज हिमाचल
बुराई पर अच्छाई का प्रतीक विजय दशमी पर्व पर ऐतिहासिक चौगान मैदान में बुराई के पुतले धूं-धू कर जले। जिला मुख्यालय नाहन में नगर परिषद द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी दशहरा पर्व पर रावण, कुंभकर्ण, मेघनाथ के 40 फुट ऊंचे पुतले नगर परिषद नाहन द्वारा सहारनपूर, उत्तर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के कारीगरों द्वारा तैयार करवाए गए थे, जिस पर तकरीबन साढ़े तीन लाख की राशी व्यय की गई।
वहीं विधायक नाहन अजय सोलंकी ने मुख्यातिथि के तौर पर दशहरा उत्सव में चौगान मैदान मेंब शिरकत कर बुराई पर अच्छाई की विजय के तौर पर रावण, कुंभकर्ण, मेघनाथ के पुतलों को आग के हवाले कर बुराई से दूर रहने का संदेश समाज को दिया।इस अवसर पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल, जिला भाजपा अध्यक्ष विनय गुप्ता सहित तमाम शहर के गणमान्य व पदाधिकारी मौजूद रहे।
रावण दहन के नजारे का गवाह बनने के लिए चौगान मैदान में हजारों लोगों ने शिरकत की। इस दौरान नौ दिनों का अश्विन नवरात्र के उपवासों का समापन भी हुआ। जिला में दशहरा पर्व पर जहां व्यापारिक वर्ग ने अपने व्यापारिक प्रतिष्ठानों में माप-तोल के यंत्रों, बही खातों का पूजन किया।
वहीं किसानों, कामगारों व राज मिस्त्रियों ने अपने औजारों का पूजन इस अवसर पर किया। जबकि राज परिवार के लोगों ने अस्त्र-शस्त्र का पूजन इस दौरान किया। सिरमौर राज परिवार के लोगों ने खंडा पूजन इस दिन किया।
इसके अलावा नेपाली मूल के समुदाय ने दशहरा पर्व सिरमौर जिा के विभिन्न इलाकों में मनाया। वहीं इस दौरान नेपाली प्रवासियों ने कार्यों से भी अवकाश किया।


