राइट न्यूज हिमाचल
जिला के तहत फागू क्षेत्र में हरियाणा रोडवेज की बस में चढ़ने के लिए आए एक व्यक्ति की उसी बस की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक ने बस को रोकने का इशारा किया, लेकिन बस नहीं रुकी और वह भागता हुआ बस के पीछे दौड़ने लगा और बस के पिछले टायरों की चपेट में आ गया। आनन-फानन में उसे आईजीएमसी लाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। मृतक नाई की दुकान चलाता था और काम खत्म कर घर लौट रहा था।
इसी बीच बस के पिछले टायर के नीचे आने से वह बुरी तरह जख्मी हो गया।यह हादसा सोमवार रात शिमला से सटे फागू क्षेत्र में उस समय सामने आया, जब हरियाणा रोडवेज की बस ठियोग की ओर जा रही थी। इसी दौरान सरफराज पुत्र बकील अहमद, निवासी दाबकी, जिला सहारनपुर यू.पी. जो फागू में नाई की दुकान चलाता था, बस को रोकने की कोशिश कर रहा था।
शिकायत के अनुसार बस चालक ने वाहन नहीं रोका, जिसके बाद सरफराज बस के पीछे दौड़ने लगा। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह फिसलकर बस के पिछले टायर के नीचे आ गया। हादसे में उसकी दोनों टांगें बुरी तरह कुचल गईं और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल सरफराज को आईआईएमसी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस थाना ठियोग की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।पुलिस को दी गई शिकायत में मुस्तफा पुत्र मुस्तकीन निवासी बाबूपुरा, जिला सहारनपुर यूपी ने बताया कि वह पेशे से वैल्डर है और मृतक सरफराज को जानता था।
मुस्तफा के बयान पर ठियोग पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 281, 106(1) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बस चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर लिया है। शव का आईजीएमसी में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।

