फिर चलती बस और कार पर पहाड़ी से गिरे पत्थर, लोगों में मची चीख-पुकार

फिर चलती बस और कार पर पहाड़ी से गिरे पत्थर, लोगों में मची चीख-पुकार

राइट न्यूज हिमाचल

हिमाचल प्रदेश में बीते कई दिनों हुई बारिश के कारण अब भूस्खलन से हादसे बढ़ गए हैं। ताजा मामला प्रदेश के जिला चंबा से सामने आया है। जहां पहाड़ से अचानक पत्थर गिरने से दो गाड़ियां चपेट में आ गई। जिनमें एक हिमाचल पथ परिवहन निगम यानी HRTC की बस और दूसरी फॉर्च्यूनर गाड़ी क्षतिग्रस्त हुईं हैं।जानकारी के अनुसार, पांगी क्षेत्र में उर की ढक्की के पास दोपहर के समय बस और कार इस मार्ग से गुजर रही थीं। तभी अचानक ऊपर से बड़े-बड़े पत्थर गिरने लगे। स्थिति को देखते हुए दोनों चालकों ने तुरंत गाड़ियों को रोक दिया और यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर ले जाने का प्रयास किया।

यही सतर्कता बड़ा हादसा टलने का मुख्य कारण बनी। हालांकि वाहनों को भारी नुकसान हुआ है। बस के शीशे टूट गए और उसके कई हिस्सों में क्षति आई है, जबकि फॉर्च्यूनर गाड़ी का भी बड़ा हिस्सा पत्थरों की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गया।घटना की जानकारी मिलते ही एसडीएम पांगी रमन घरसंगी ने बताया कि वर्तमान में यह मार्ग यात्रा के लिए बिल्कुल भी सुरक्षित नहीं है। पहाड़ी से लगातार पत्थर गिरने का खतरा बना हुआ है, जिससे किसी भी समय गंभीर हादसा हो सकता है। उन्होंने लोगों और पर्यटकों से अपील की कि केवल जरूरी कार्य या आपात स्थिति में ही इस मार्ग का इस्तेमाल करें।

प्रशासन ने एहतियात के तौर पर इस रूट पर HRTC की बस सेवाएं अस्थायी रूप से बंद करने का निर्णय लिया है। लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि मार्ग की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाए। साथ ही खतरे वाले स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाने के आदेश भी दिए गए हैं।स्थानीय प्रशासन ने लोगों को सचेत किया है कि, बरसात के मौसम में पांगी घाटी और आसपास के क्षेत्रों में भूस्खलन और पत्थर गिरने का खतरा अधिक रहता है। ऐसे में अनावश्यक यात्रा से परहेज करना ही सभी यात्रियों की सुरक्षा के लिए सबसे बेहतर विकल्प है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *