अपने हक की लड़ाई लड़ने को तैयार
भरमौर, हिमाचल प्रदेश
पूर्व वन एवं मत्स्य मंत्री ठाकर सिंह भरमौरी ने कांग्रेस पार्टी के भीतर उपेक्षा और गुटबाजी को लेकर कड़े शब्दों में नाराज़गी जाहिर की है। उन्होंने साफ कहा कि “पार्टी में अनदेखी कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अपने हक की लड़ाई लड़ने के लिए किसी भी हद तक जाऊंगा।”
उन्होंने कहा कि जिस पार्टी को उन्होंने पचास वर्षों की सेवा और मेहनत से खड़ा किया, उसे अब कुछ मौकापरस्त लोग हथियाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी में ऐसे लोग हावी हो रहे हैं जिन्होंने कभी संगठन के लिए एक दिन भी संघर्ष नहीं किया और अब कांग्रेस का चेहरा बनने की कोशिश कर रहे हैं।
🔹 पार्टी नेतृत्व से हस्तक्षेप की मांग:
भरमौरी ने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष रानी प्रतिभा सिंह और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री से मामले में दखल देने की मांग करते हुए कहा कि वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ हो रहे भेदभाव को गंभीरता से लिया जाना चाहिए।
🔹 अधिकारियों को भी चेतावनी:
उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ अधिकारी पार्टी के ही कुछ तथाकथित नेताओं के इशारे पर काम कर रहे हैं और कांग्रेस के पुराने, निष्ठावान कार्यकर्ताओं की अनदेखी कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “वक्त सबका आता है, हमारे सब्र का इम्तिहान न लिया जाए।”
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता अमित भरमौरी, पूर्व वन निगम निदेशक संजय ठाकुर सहित दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

