राइट न्यूज हिमाचल पांवटा साहिब
ग्राम पंचायत कोटड़ी ब्यास, विकासखंड पांवटा साहिब, में हाल ही हुई भारी बरसात से हुए नुकसान का जायज़ा लेने के लिए आज उपमंडलाधिकारी पांवटा साहिब गुंजीत सिंह चीमा स्वयं पहुंचे। इस दौरान उनके साथ ग्राम पंचायत प्रधान सुरेश कुमार, उपप्रधान, पंचायत सदस्य, स्थानीय नंबरदार तथा बड़ी संख्या में प्रभावित ग्रामीण मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान उपमंडलाधिकारी ने बाता नदी और दोबार खड्ड से प्रभावित क्षतिग्रस्त स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने पाया कि आगे और नुकसान से बचाव के लिए तत्काल समुचित चैनलाइजेशन (मार्गदर्शन) की आवश्यकता है। इस संदर्भ में विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर उपायुक्त सिरमौर को भेजी जाएगी।
ग्राम पंचायत प्रधान सुरेश कुमार ने बताया कि बाता नदी का पूर्व में किया गया चैनलाइजेशन अब जर्जर हो चुका है और कई स्थानों पर टूट भी गया है। यदि तेज बारिश के दौरान नदी में अधिक जलभराव होता है तो पूरा ग्राम कोटड़ी ब्यास बहाव की चपेट में आ सकता है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव दो नदियों के बीच बसा है—एक ओर बाता नदी और दूसरी ओर डोबर खड्ड। लगभग 5×7 किलोमीटर क्षेत्र का पानी डोबर खड्ड के माध्यम से बाता नदी में मिलकर गांव और फसलों को भारी नुकसान पहुंचाता है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से बरसों से समाधान की गुहार लगाई है, किंतु अब तक स्थायी कदम नहीं उठाए जा सके। ग्रामीणों ने कहा कि फिलहाल वे डर और असुरक्षा के माहौल में जीने को मजबूर हैं और सरकार से शीघ्र राहत व स्थायी समाधान की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
इस मौके पर उपमंडलाधिकारी गुंजीत सिंह चीमा ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि प्रशासन की ओर से हरसंभव मदद दी जाएगी और इस समस्या को उच्च अधिकारियों के संज्ञान में प्राथमिकता के आधार पर लाया जाएगा। ग्रामीणों ने बताया कि श्री चीमा पहले ऐसे प्रशासनिक अधिकारी हैं, जिन्होंने स्वयं इस दुर्गम क्षेत्र का दौरा कर बाढ़ से हुए नुकसान का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया है।

