राइट न्यूज हिमाचल
हिमाचल प्रदेश में दो स्कूली बच्चों ने आत्महत्या कर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली है। दोनों मृत बच्चों की उम्र 14 साल बताई जा रही है। मृतकों में एक लड़की और लड़का शामिल है। बच्चों की मौत के बाद परिवार वालों का रो-रो कर बुरा हाल है।दोनों बच्चों ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है।
पुलिस टीम को मौके पर कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। इस घटना के बाद से क्षेत्र में सनसनी फैली हुई है। फिलहाल, इस बात का पता नहीं चल पाया है कि बच्चों ने ऐसा खौफनाक कदम क्यों उठाया है।आपको बता दें कि आत्महत्या के ये दोनों मामले हिमाचल प्रदेश के दो अलग-अलग जिलों से सामने आए हैं।
पहला मामला सोलन जिले के अर्की से सामने आया है। यहां 14 साल के लड़के का शव फंदे से लटका हुआ मिला है। मृतक की पहचान पुष्कर उर्फ काका के रूप में हुई है- जो कि काथला गांव का रहने वाला था।बताया जा रहा है कि सोमवार देर शाम लड़के ने घर के पास लगे पेड़ से गले में दुप्ट्टे का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को फंदे से उतारकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी। शुरुआती जांच में पुलिस टीम को मृतक के शरीर पर किसी भी तरह का चोट या खरोंच का निशान नहीं मिला है। साथ ही ना ही कोई सुसाइड नोट मिला है।
पुलिस टीम ने मौके पर से दुप्पटे के टुकड़े को कब्जे में लेकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। लाडले बेटे की मौत के बाद परिवार में चीख-पुकार मची हुई है।वहीं, दूसरी घटना नाहन से सामने आई है। यहां एक 14 साल की छात्रा ने फंदा लगाकर अपनी जान दे दी है। मृतका की पहचान दीपिका के रूप में हुई है- जो कि मूल रूप से नेपाल की रहने वाली थी।
वर्तमान में वो नाहन के एक निजी स्कूल में पढ़ती थी। बताया जा रहा है कि दीपिका बीमार थी और बीते सोमवार को अपना इलाज करवाने के लिए आई थी। इसके बाद शाम को घर लौटे तो वो आराम करने के लिए अपने कमरे में चली गई। कुछ देर बाद परिजनों को वो फंदे से लटकी हुई मिली।
इसके बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।दोनों ही मामलों में पुलिस टीम को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। मृतकों के परिजनों ने भी किसी पर कोई शक जाहिर नहीं किया है। पुलिस टीम ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद दोनों शव परिजनों को कल सुपुर्द कर दिए थे। फिलहाल, मामले में आगे की जांच-पड़ताल की जा रही है। इस घटना के बाद से दोनों ही क्षेत्र के लोगों में सनसनी फैली हुई है।

