राइट न्यूज हिमाचल
हिमाचल प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्र बद्दी के अंतर्गत गुल्लरवाला में पुलिस ने एक बड़े देह व्यापार गिरोह का पर्दाफाश किया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने 11 महिलाओं को रेस्क्यू किया और गिरोह से जुड़े सात लोगों को गिरफ्तार किया, जिनमें एक महिला भी शामिल है। पुलिस द्वारा इन सभी के खिलाफ अनैतिक व्यापार (रोकथाम) अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि गुल्लरवाला स्थित एक किराए की इमारत में अवैध रूप से देह व्यापार संचालित किया जा रहा है। इस जानकारी के बाद एसपी बद्दी विनोद धीमान के निर्देशन में एसएचओ बद्दी की अगुवाई में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने पुख्ता जानकारी के आधार पर शनिवार देर शाम इमारत पर छापा मारा, जहां अनैतिक गतिविधियां चल रही थीं।
छापेमारी के दौरान पुलिस को मौके से 11 महिलाएं मिलीं, जिन्हें रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। अधिकारियों के अनुसार, पीड़ित महिलाओं के बयान दर्ज किए जाएंगे और उन्हें जल्द ही उनके परिजनों के हवाले कर दिया जाएगा।पुलिस को छानबीन के दौरान मौके से नकदी, दस्तावेज़ और अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी मिली, जिसे कब्जे में ले लिया गया है।
इस कार्रवाई के बाद पूरे बीबीएन क्षेत्र में हड़कंप मच गया है, और पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य संदिग्धों की तलाश में जुट गई है।एसपी विनोद धीमान ने बताया कि यह एक संगठित गिरोह था, जिसे गुप्त सूचना के आधार पर बेनकाब किया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस क्षेत्र में ऐसे अवैध गतिविधियों पर सख्त नजर रख रही है और आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है और आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस गिरोह का नेटवर्क कहां तक फैला हुआ है।