राईट न्यूज / पांवटा साहिब
ट्रक यूनियन पांवटा साहिब में शांति स्वास्थ्य और समृद्धि के लिए आयोजित तीन दिवसीय महामृत्युंजय जाप, रूद्राभिषेक एवं हवन यज्ञ अनुष्ठान का समापन सोमवार को हो गया। तीन दिवसीय महामृत्युंजय जप रूद्राभिषेक एवं यज्ञ को विद्वान ब्राह्मणों के सहयोग से संपन्न किया गया।
सिरमौर ट्रक यूनियन के प्रधान बलजीत सिंह नागरा ने कहा कि क्षेत्र की सुख समृद्धि के लिए महामृत्युंजय का जप, रूद्राभिषेक अनुष्ठान और हवन यज्ञ विधिवत रूप से हर वर्ष की तरह करवाया गया।
यूनियन के वरिष्ठ मेंबर सतीश शर्मा ने महामृत्युंजय मंत्र के महत्व के बारे में बताते हुए कहा सावन माह में भगवान शिव की स्तुति का अलग ही महत्व है। इस के लिए महामृत्युंजय मंत्र का जाप भी किया जाता है। इसके जाप से संसार के सभी कष्टों से मुक्ति मिलती है। ये मंत्र जीवन देने वाला है। महामृत्युंजय मंत्र जपने से अकाल मृत्यु तो टलती ही है, आरोग्यता की भी प्राप्ति होती है।
उन्होंने कहा कि इस मंत्र का जाप करने से बहुत सी बाधाएं दूर होती है, अतः इस मंत्र का यथासंभव जप करना चाहिए। वैदिक मंत्रोच्चारण से वातावरण हुआ भक्तिमय: सुख-समृद्धि की कामना को लेकर भक्तों द्वारा हवन कुण्ड में आहुति प्रदान की गई। वैदिक मंत्रोच्चरण के बीच हवन यज्ञ को संपन्न किया है। वैदिक मंत्रों की ध्वनि से वातावरण आध्यात्मिकता से ओत-प्रोत रहा। यज्ञ करने से कष्टों से छुटकारा मिलता है। मानव कल्याण के लिए यज्ञ अनुष्ठान जरूरी है। यज्ञ में हवन आहुति करने से मन को शान्ति मिलती है, तथा आन्तरिक एवं वाह्य शक्तियां बलवती होती हैं।
समापन के दौरान लंगर का भी आयोजन किया गया था जिसमें हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। वैदिक ब्राह्मणो के द्वारा महामृत्युंजय जाप, रूद्राभिषेक एवं हवन यज्ञ अनुष्ठान का समापन कराया गया।