राइट न्यूज हिमाचल
सिरमौर की धरती से एक और बेटी ने इतिहास रच दिया है। गिरिपार क्षेत्र के लाधी गांव की श्यामा छींटा ने अपनी मेहनत, लगन और समर्पण के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर कबड्डी कोचिंग के क्षेत्र में एक नई पहचान बनाई है। श्यामा ने NTA द्वारा आयोजित कठिन परीक्षा को उत्तीर्ण कर NIS (नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ स्पोर्ट्स) महिला कबड्डी कोच बनने का गौरव हासिल किया है।
श्यामा सिरमौर जिले की दूसरी महिला हैं जो NIS कोच बनी हैं। उनसे पहले 2011 में निर्मला चौहान ने बेंगलुरु से NIS कोर्स कर यह उपलब्धि हासिल की थी। निर्मला के नाम राष्ट्रीय स्तर पर 22 पदक हैं और उन्हें प्रतिष्ठित परशुराम पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया है।श्यामा छींटा का सफर भी प्रेरणादायक है।
एक साधारण परिवार से ताल्लुक रखने वाली श्यामा ने सिरमौर कबड्डी अकादमी में पांच साल तक कठिन प्रशिक्षण लिया और अपनी खेल प्रतिभा को निखारा। उन्होंने सीनियर नेशनल वूमेन कबड्डी प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीता और नेशनल गेम्स में भी स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

