जहरीली शराब मामला: सुंदरनगर और ऊना में 6400 लीटर स्प्रिट बरामद, एफआईआर होगी दर्ज

जहरीली शराब मामला: सुंदरनगर और ऊना में 6400 लीटर स्प्रिट बरामद, एफआईआर होगी दर्ज

राईट न्यूज / हिमाचल

जहरीली शराब मामले में प्रदेशभर में कार्रवाई जारी है। शराब बनाने के लिए अवैध स्प्रिट का कारोबार भी लोजिस्टिक कपंनियों की आड़ में किया जा रहा है। शुक्रवार को राज्य कर एवं आबकारी विभाग ने इसका भंडाफोड़ किया है। शुक्रवार को मंडी के सुंदरनगर और ऊना के अंब में विभाग की टीम ने 6400 लीटर अवैध स्प्रिट बरामद की है। सुंदरनगर के गोदाम से 1400 और अंब में एक गाड़ी से 5000 लीटर अवैध स्प्रिट पकड़ी गई है। स्प्रिट जिनके कब्जे से बरामद हुई है, विभाग ने उन पर पुलिस विभाग से एफआईआर दर्ज करने का आवेदन दिया है। जानकारी के अनुसार ई वे बिल की चेकिंग के दौरान मिले इनपुट के आधार पर यह कार्रवाई हुई है। छानबीन के दौरान पाया गया कि इन लॉजिस्टिक कंपनियों की ओर से व्यापारिक संस्थानों के नाम पर इथाइल मेडिकल सॉल्यूशन(स्प्रिट) लैबोरेट्री रीजेंट 96 प्रतिशत के साथ आयात किया जा रहा है।

विभाग ने जब ऑनलाइन सिस्टम पर इन ई वे बिलों की छानबीन की तो पाया कि कि एक ई वे बिल के तहत 1400 लीटर में सॉल्यूशन लॉजिस्टिक फर्म के सुंदरनगर स्थित गोदाम में उतारा गया है, जिसे विभागीय अधिकारियों ने मौके पर जाकर 4 ड्रम प्रत्येक 200 लीटर की क्षमता के और 6 ड्रम प्रत्येक 100 लीटर क्षमता कब्जे में लिया गया है। एक अन्य बिल के तहत 5000 लीटर सॉल्यूशन का आयात किया जाना था, जिसे फर्म के हिमाचल प्रदेश से बाहर स्थित गोदाम में रोक दिया गया था।

लेकिन 28 जनवरी को विभागीय अधिकारियों ने जिला ऊना के अंब क्षेत्र में अपनी ई वे बिल चेकिंग के दौरान गाड़ी नंबर एचआर 37 डी 9594 को चेकिंग के लिए रोका तो पाया कि इसमें इथाइल मेडिकल सॉल्यूशन लेबोरेट्री रीजेंट 5000 लीटर का आयात किया जा रहा था। विभाग ने इस गाड़ी को अपने कब्जे में लिया गया है। गाड़ी की जांच करने पर इसमें 25 ड्रम (प्रत्येक 200 लीटर क्षमता) में सॉल्यूशन पाया गया। विभाग के उड़नदस्ता मध्य क्षेत्र के संयुक्त आयुक्त राज्य कर एवं आबकारी राकेश भारती ने बताया कि विभाग ने अभी तक कुल 6400 लीटर इथाइल मेडिकल सॉल्यूशन रीजेंट को कब्जे में लिया गया है। नियमानुसार कार्रवाई और एफआईआर दर्ज की जा
रही है।

ग्लू बॉटलिंग प्लांट : एक ही बैच में बनी थी अवैध शराब, पूछताछ जारी
वहीं, जोगिंद्रनगर के ग्लू बॉटलिंग प्लांट में गायब स्प्रिट से बनी शराब एक ही बैच की है। प्रारंभिक विभागीय जांच के बाद मामले में संलिप्त आरोपियों पर आपराधिक मामले भी दर्ज करने की तैयारी है। गौरतलब है कि ग्लू प्लांट की निरीक्षक को पहले ही सस्पेंड किया जा चुका है। वह सिरमौर से संबंध रखती हैं और राष्ट्रीय स्तर की एथलीट भी रह चुकी है। बताया जा रहा है कि स्पोर्ट्स कोटे के तहत ही उन्हें नौकरी मिली है। वहीं पुलिस ग्लू प्लांट के स्टाफ से निरंतर पूछताछ कर रही है। चालक, चौकीदार से लेकर बॉटलिंग प्लांट के कर्मचारियों से पुलिस पूछताछ कर रही है। शक के दायरे में आए इस प्लांट के तार सलापड़ जहरीली शराब के मामले में तो नहीं जुड़े, इसकी भी पुलिस छानबीन कर रही है। मामले में ग्लू प्लांट के संचालक को पुलिस गिरफ्त में ले चुकी है। ग्लू के स्प्रिट से बनी शराब को आबकारी एवं कराधान विभाग की टीम ने पालमपुर में एक अवैध गोदाम में पकड़ा है और प्रदेशभर के ठेकों की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *