राईट न्यूज / पांवटा साहिब
गुड़िया कांड को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्षा द्वारा दिए गए बयान के विरोध में भाजपा महिला मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर विरोध जताया। भाजपा महिला मोर्चा जिला अध्यक्षा शिवानी वर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्षा प्रतिभा सिंह से इस्तीफे की मांग करते हुए जमकर नारेबाजी की।
विरोध प्रदर्शन कर रही महिलाओं का कहना था कि प्रतिभा सिंह खुद एक महिला है उनके द्वारा गुड़िया कांड को लेकर आपत्तिजनक बयान देना बेहद शर्मनाक है। यह कांग्रेस के नेताओं की असली मानसिकता है, ऐसी महिला विरोधी को उच्च पद पर बने रहने का कोई अधिकार नहीं है, कांग्रेस हाईकमान को समय रहते प्रदेश कांग्रेस अध्यक्षा से इस्तीफा लेना चाहिए नहीं तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
प्रतिभा सिंह ने गुड़िया कांड को छोटा मोटा कांड बताया था। महिला मोर्चा ने मांग की प्रतिभा सिंह माफी मांगे व अपने पद से इस्तीफा दे। पांवटा मंडल ने विरोध तेज करने का संकल्प लिया। इस विरोध प्रदर्शन में सिरमौर भाजपा महिला मोर्चा शिवानी वर्मा, मण्डल अध्यक्षा कृष्णा धीमान व पूनम गुप्ता, मीणा , रानी, ऊषा देवी, विनोद, पूणम देवी आदि महिलाएं मौजूद रहीं।