हिमाचल में कहां गायब हो रही बच्चियां? 48 घंटे में तीन लापता, दर-दर भटक रहे परिजन

हिमाचल में कहां गायब हो रही बच्चियां? 48 घंटे में तीन लापता, दर-दर भटक रहे परिजन

राइट न्यूज हिमाचल

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला से बेहद चिंताजनक खबर सामने आई हैं। यहां पर पिछले 48 घंटों में तीन लड़कियां लापता हो गई हैं। लापता लड़कियों में से दो लड़कियां सगी बहनें हैं- जिनकी उम्र 14 और 18 साल है। जबकि, तीसरी लड़की भी नाबालिग है और उसकी उम्र 16 साल है।

लड़कियों के लापता होने से उनके परिजन काफी परेशान हैं और बेटियों के सही-सलामत घर लौटने की कामना कर रहे हैं।बताया जा रहा है कि मैहली क्षेत्र से दोनों सगी बहनें घर से शिमला बाजार आई थी। मगर वहां से वो दोनों वापस घर नहीं लौटी। परिजनों ने पुलिस थाना छोटा शिमला में बेटियों की गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज करवाई है।

दूसरा मामला कृष्णा नगर से सामने आया है- जहां से एक 16 साल की लड़की घर से DC ऑफिस जाने के लिए निकली थी। मगर शाम तक वो वापस नहीं लौटी। लड़की की मां ने सदर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई है।दोनों ही मामलों में परिजनों का कहना है कि उन्होंने दोस्तों, रिश्तेदारों और आस-पड़ोस के लोगों के यहां बेटियों का पता किया, लेकिन किसी को उनके बारे में कोई जानकारी नहीं थी।

उन्होंने अपने स्तर पर हर संभव जगह पर लड़कियों को ढूंढ लिया है। मगर उन्हें अभी तक कोई सफलता नहीं मिल पाई है।आपको बता दें कि दोनों सगी बहनें बीती 15 मार्च से घर से बाजार जाने के लिए निकली थी। शाम को उनकी पिता से फोन पर बात भी हुई थी। जिसमें उन्होंने बताया था कि वो घर लौट रही हैं- लेकिन पिछले चार दिन से उनका कोई अता-पता नहीं है।

उधर, मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने BNS की धारा 137(2) के तहत अगवा करने का मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस टीम ने आसपास के थानों में भी मामले की सूचना दे दी गई है। पुलिस टीम बाजार और DC ऑफिस के बाहर लगे CCTV की फुटेज को भी खंगाला रही है। साथ ही बाजार में दुकानदारों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि तीनों लापता लड़कियों को जल्द से जल्द सही-सलामत खोजा जाए।

उधर, इस तरह लड़कियों के लापता होने से लोगों में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि आखिर यह बच्चियां कहां चली गई हैं। बच्चियों को लापता हुए 48 घंटे से ज्यादा का समय हो चुका है- अभी तक पुलिस बच्चियों को क्यों नहीं ढूंढ पाई है। लोग पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठा रहे हैं।

उनका कहना है कि पुलिस लापरवाही बरत रही है और अच्छे से मामले की जांच नहीं कर रही है। लोगों ने पुलिस टीम से जल्द से जल्द तीनों लड़कियों को सही सलामत ढूंढने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *