हिमाचल: स्वर्ग प्रवास से लौटे देवताओं ने वर्ष फल बताया, इस वर्ष होंगी यह घटनाएं

हिमाचल: स्वर्ग प्रवास से लौटे देवताओं ने वर्ष फल बताया, इस वर्ष होंगी यह घटनाएं

राइट न्यूज हिमाचल

उपमंडल रामपुर के स्वर्ग प्रवास से लौटे देवताओं ने वर्ष फल बताया। देवताओं ने अपने क्षेत्र में पुजारी व गुरु के माध्यम से वर्ष फल की जानकारी दी। इस वर्ष फल के अनुसार इस वर्ष आग की घटनाएं होंगी और साथ सूखा रहने व प्राकृतिक जल स्त्राेतों में भी पानी की कमी होगी। देवताओं ने गुर के माध्यम से बताया कि इस बार फसलों की पैदावार भी कम होगी।

वहीं, ग्रामीणों के जीवन में होने वाली घटनाओं का उल्लेख भी गुर के माध्यम से किया। इस दौरान रामपुर के मंदिरों में एक माह बाद आस्था का जनसैलाब उमड़ा।एक माह से बंद हुए मंदिरों को बुधवार को पूजा अर्चना के लिए खोल दिया गया है और देवता साहब जाख रचोली के मंदिर में दर्शनों के लिए भारी भीड़ उमड़ी।

एक माह के स्वर्ग प्रवास के बाद देवता साहब रचोली, बसाहरू, गसो, डंसा, कुमसु, शौली, दराली के निरसू देवता, छतर खंड ब्रांदली, बौंडा नाग देवता, दरकाली सहित सभी मंदिरों के देवी-देवता लौट आए हैं। जबकि मकर संक्रांति के दिन परंपरा अनुसार सभी देवी-देवता इंद्र की सभा में भाग लेने जाते हैं और वहां एक माह, 15 दिन और एक सप्ताह बाद लौटकर गुर के माध्यम से वर्षभर की गतिविधियों की भविष्यवाणी करते हैं।

प्रात:काल से मंदिर में लोगों की भीड़ एकत्र होनी शुरू हो गई थी, जैसे देवता के मोहरों को पालकी में रखकर बाहर निकाला तो पूरा मंदिर परिसर जाख देवता के नारों से गूंज उठा। जिसके बाद देवता ने गुर के माध्यम से पहले अपना इतिहास बताया और उसके बाद पूरे साल की भविष्यवाणी की। इसके साथ-साथ उन्होंने जखो स्थित माता के मंदिर में पाठ करवाने के आदेश भी दिए ज कि मार्च में करवाने का निर्णय लिया गया। क्षेत्र के सभी लोगों को एकजुट होकर रहने के आदेश भी दिए।

इसके बाद गुर ने सभी लोगों को सरसों के दाने भी दिए, जिससे लोग अपने वर्ष फल को जानने की कोशिश करते हैं और ग्रामीण इन सरसों के दानों को देवता के आशीर्वाद के रूप में अपने पास रखते हैं। वहीं मंदिर कमेटी द्वारा भव्य भंडारे का आयोजन भी लोगों के लिए किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *