राइट न्यूज हिमाचल
जिला मंडी के ऐतिहासिक स्थल तत्तापानी में आयोजित जिला स्तरीय मकर संक्रांति मेले से घर लौटते हुए युवक की झील में गिरने से मौत हो गई। मामले की पुष्टि तहसीलदार करसोग डाॅ. वरुण गुलाटी ने की है। जानकारी के अनुसार मकर संक्रांति मेले के दौरान मंगलवार को तत्तापानी में सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया था।
सांस्कृतिक संध्या संपन्न होने के बाद यह हादसा हुआ बताया जा रहा है। बताया गया है कि रात तकरीबन 10 बजे सांस्कृतिक संध्या का समापन होने के बाद संध्या में मौजूद लोग घर की ओर लौटने लगे। इस दौरान स्थानीय महिलाओं ने भी अपने घर का रुख किया। महिलाओं से आगे एक युवक नशे की हालत में चल रहा था तथा कच्ची सड़क पर चलते हुए अचानक झील में गिर गया।
महिलाओं ने इसकी जानकारी अन्य लोगों को दी, लेकिन उस वक्त लोगों ने इसे महज अफवाह समझा। अगली सुबह झील में गिरे युवक की अफवाह पर करसोग पुलिस ने कसरत शुरू कर दी। पुलिस थाना करसोग से एक टीम तत्तापानी पहुंच गई। सब इंस्पैक्टर मोहन जोशी ने बताया कि महिलाओं की निशानदेही पर घटनास्थल का दौरा किया गया।
इस दौरान एसडीएम करसोग गौरव महाजन सहित डीएसपी करसोग गौरवजीत सिंह तथा तहसीलदार करसोग डाॅ. वरुण गुलाटी मौके पर मौजूद रहे। महिलाओं के बयान के आधार पर सुंदरनगर से गोताखोर बुलाए गए। गोताखोरों की टीम ने आधे घंटे के भीतर ही शव को झील से बाहर निकाल लिया। मृतक युवक की पहचान सर्वजीत (25) पुत्र बाबा राम निवासी सलोह, शहीद भगत सिंह नगर नवांशहर (पंजाब) के तौर पर हुई है।
युवक तत्तापानी के समीप सुन्नी (शिमला) में निजी दुकान करता था। तहसीलदार ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। सब इंस्पैक्टर मोहन जोशी ने बताया कि सुन्नी स्थित नागरिक चिकित्सालय में पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया जाएगा।